जहानाबाद: घोसी में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, 10 एपीएचसी भवनों का भी शिलान्यास

उदघाटन करते विधायक | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद जिले के घोसी में शनिवार को नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन हुआ। साथ ही तीन प्रखंडों में 10 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास भी किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
Jahanabad News : जहानाबाद जिले के घोसी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ी पहल हुई. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के समीप नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का उद्घाटन विधायक ऋतुराज कुमार ने किया. साथ ही घोसी, हुलासगंज और मोदनगंज प्रखंडों के 10 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) भवनों का शिलान्यास भी किया गया.
तीन प्रखंडों में बनेंगे 10 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
शिलान्यास किए गए एपीएचसी में घोसी प्रखंड के देहुनी, भारथु, सोनवां, नंदना और कोर्रा, हुलासगंज प्रखंड के मुरगांव और सुकियावां तथा मोदनगंज प्रखंड के बंधुगंज, गढ़जलालपुर और अनंतपुर-शादीपुर शामिल हैं. कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया. इसके बाद विधायक एवं अतिथियों ने सीएचसी का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली.
ग्रामीणों को घर के पास मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है. नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 10 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से हजारों लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी. इससे छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी.
चिकित्सक, दवा और आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. नए स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियुक्ति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार, जदयू नेता राजीव नयन उर्फ राजू सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. वक्ताओं ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर, सस्ती और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










