पत्नी की डिलीवरी के लिए गांव गया परिवार, पीछे से घर में घुसे चोर; लाखों के गहने और नकदी ले उड़े
जहानाबाद के बरविगहा में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। लाखों के गहने, बर्तन और नगदी लेकर फरार। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Jehanabad News : जहानाबाद शहर के नगर थाना क्षेत्र के बरविगहा वार्ड संख्या-29 में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाकर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया. गृहस्वामी अपनी पत्नी की डिलीवरी के सिलसिले में परिवार के साथ गांव गये थे. इसी का फायदा उठाकर चोर पीछे से बांस के सहारे छत पर पहुंचे और मकान में दाखिल हो गये. इसके बाद सभी कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और 20 हजार रुपये नकद समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गये.
आपके शहर में
27 अगस्त को घर लौटे तो सामने आया पूरा मामला
कल्पा थाना क्षेत्र के बुधनटाली निवासी धर्मेंद्र कुमार जहानाबाद के बरविगहा वार्ड-29 में मकान बनाकर रहते हैं. पत्नी की डिलीवरी होने के कारण वे 4 अगस्त को पूरे परिवार के साथ पैतृक गांव चले गये थे.
27 अगस्त को जब धर्मेंद्र कुमार वापस अपने बरविगहा स्थित घर पहुंचे, तो मुख्य गेट बाहर से बंद था. घर के अंदर जाने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला. जांच करने पर पता चला कि चोरों ने पीछे की तरफ से बांस लगाकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया था.
कमरों के ताले तोड़े, अलमारी और बक्से खंगाले
चोर सीढ़ी के रास्ते नीचे उतरे और घर के अलग-अलग कमरों के ताले तोड़ दिये. इसके बाद अलमारी और बक्सों को खंगालकर उसमें रखे आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिये.
पीड़ित के अनुसार, चोरी गये सामान में मंगलसूत्र, ढोलना, कानवाली, झुमका, पायल, पीतल के बर्तनों का एक सेट और 20 हजार रुपये नकद शामिल हैं. चोरी गये आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है.
112 की टीम पहुंची, नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज
घर में चोरी का पता चलते ही धर्मेंद्र कुमार ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी.
इसके बाद पीड़ित ने नगर थाना में लिखित आवेदन दिया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अब पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गये सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए