शादी की खुशियां मातम में बदली: जहानाबाद में बारातियों से भरी स्कॉर्पियो पलटी, दूल्हा समेत कई घायल

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Road Accident: पटना के दुल्हन बाजार से जहानाबाद के काको जा रही बारात रास्ते में हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गड्ढे में पलट गई. दूल्हा समेत एक दर्जन से अधिक बाराती घायल हुए हैं. चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

विज्ञापन

Bihar Road Accident:(संजय अनुराग की रिपोर्ट) जहानाबाद में मंगलवार देर रात एक खुशियों भरी बारात अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गई. शादी की खुशियों के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे के बाद गाड़ी का दरवाजा लॉक हो गया और अंदर फंसे बाराती करीब एक घंटे तक मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

दूल्हा समेत कई लोग घायल

घायलों को तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां सभी का इलाज किया गया. डॉक्टरों ने चार लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. घायलों में मिथुन दास, अजय कुमार, जोगेंद्र कुमार, कायब, रामनरेश, साधु दास, पिंटू कुमार, अशोक कुमार, सुधीर कुमार, देवन दास और रवि कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं.

हादसा भगवानगंज-कड़ौना मार्ग पर सिकरिया थाना क्षेत्र के मांदे बीघा गांव के पास हुआ. जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में दूल्हा समेत एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे. सभी लोग पटना जिले के दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र के सोरमपुर गांव से जहानाबाद जिले के काको प्रखंड स्थित फिरोजी गांव बारात लेकर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया. स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गड्ढे में पलट गई.

एक घंटे तक गाड़ी में फंसे रहे बाराती

हादसे के बाद स्कॉर्पियो का दरवाजा अंदर से लॉक हो गया. रात का समय होने के कारण काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. अंदर फंसे बाराती लगातार मदद के लिए आवाज लगाते रहे. बाद में किसी तरह 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही सिकारिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से स्कॉर्पियो का दरवाजा तोड़ा और सभी घायलों को बाहर निकाला.

पुलिस ने बचाई जान

सिकरिया थाना प्रभारी चंदा रानी ने बताया कि देर रात हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन कई लोग घायल हुए हैं.

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार स्कॉर्पियो काफी तेज गति में थी. इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद पूरे इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

Also Read:

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन