अलगना नाला जाम रहने से सड़क पर बह रहा है गंदा पानी, परेशानी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :04 Dec 2019 7:24 AM (IST)
विज्ञापन

जहानाबाद : शहर के 18 वार्डों के जल निकासी का माध्यम अलगना नाला अतिक्रमण और उड़ाही न होने के कारण जाम हो गया है. विशुनगंज इलाके में रेलवे लाइन के पास से लेकर फिदा हुसैन मोड़ तक पूरी तरह जाम होने के कारण नाले का पानी सड़क पर बह रहा है. रेलवे लाइन के पास […]
विज्ञापन
जहानाबाद : शहर के 18 वार्डों के जल निकासी का माध्यम अलगना नाला अतिक्रमण और उड़ाही न होने के कारण जाम हो गया है. विशुनगंज इलाके में रेलवे लाइन के पास से लेकर फिदा हुसैन मोड़ तक पूरी तरह जाम होने के कारण नाले का पानी सड़क पर बह रहा है. रेलवे लाइन के पास नाले के गंदे पानी के कारण सड़क पर जलजमाव हो गया है. नाले में गिरने वाले नालियों का पानी वापस घरों में घुस रहा है जिसके कारण कई दर्जन घरों में स्थिति नारकीय हो गयी है.
जहानाबाद डेवलपमेंट कमेटी के गौरव रंजन भारद्वाज ने बताया कि यह स्थिति पिछले कई महीनों से बनी हुई है. मुहल्लेवासियों द्वारा कई बार नगर पर्षद को सूचित किया गया है लेकिन जल निकासी और नाले की उड़ाही को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है.
विशुनगंज इलाके में खुला नाला दे रहा हादसों को आमंत्रण : अलगना नाले में जाम के कारण जहां पानी सड़क पर बह रहा है वहीं थोड़ी-थोड़ी दूर पर नाले के ऊपर बने ढक्कनों के टूट जाने और नहीं होने से स्थिति बेहद खतरनाक हो गयी है. सड़क और नाले का लेवल एक जैसा होने के कारण जलजमाव में नाले और सड़क में फर्क समझ में नहीं आ रहा.
मुहल्ले के उमेश कुमार, ललिता देवी, सिंकू कुमार ने बताया कि हर दूसरे दिन कोई न कोई नाले में गिर जा रहा है . कई लोग नाले में गिरकर चोटिल भी हो गये हैं. कुछ ही दिनों पूर्व विशुनगंज निवासी एक अधिवक्ता की दो छोटी बेटियां एक साथ नाले में गिर गयी थीं . मंगलवार की दोपहर पशु आहार ले जा रहे एक ठेले वाले की कई बोरियां नाले में गिर गयीं. इस तरह की छोटी-मोटी दुर्घटनाएं लगातार घट रही हैं.
नाले पर बनी अवैध दुकानों के कारण जाम हो रहा नाला :अलगना नाले पर फिदा हुसैन रोड़ में 17 दुकानों का निर्माण नगर पर्षद द्वारा किया गया है जिनमें से कई दुकानें एनएच से सटे फिदा हुसैन मोड़ पर स्थित है. इन दुकानों के कारण नाले की उड़ाही नहीं हो पाती है जिससे नाला जाम रहता है और एनएच के पश्चिमी छोर का पानी उल्टा राजाबाजार की ओर जाता है. राजाबाजार में भी निजी जमीनों पर हुए निर्माण के कारण नाले के बहाव में बाधा आयी है जिससे जाम की स्थिति बन गयी है
बोले पदाधिकारी
समय-समय पर नाले की उड़ाही की जाती है. शीघ्र ही नगर पर्षद की टीम द्वारा विशुनगंज में नाले की उड़ाही कर समस्या का समाधान किया जायेगा. वहीं नाले पर हुआ अतिक्रमण भी जाम का कारण है जिसे हटाने के लिए अतिक्रमणकारियों को नोटिस की प्रक्रिया जारी है.
मुकेश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पर्षद, जहानाबाद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




