माधोपुर को प्रखंड बनाने का प्रस्ताव पारित, पूर्वी इलाके के नौ पंचायत होंगे शामिल

चकाई प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र में जल्द ही एक नया प्रखंड अस्तित्व में आ सकता है. शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी की अध्यक्षता में आयोजित जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की बैठक में माधोपुर को नया प्रखंड बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.
-प्रमुख की पहल पर किसान भवन में हुई जनप्रतिनिधियों की बैठक
चकाई. चकाई प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र में जल्द ही एक नया प्रखंड अस्तित्व में आ सकता है. शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी की अध्यक्षता में आयोजित जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की बैठक में माधोपुर को नया प्रखंड बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया. बैठक में प्रस्ताव का कागजी व जमीनी खाका भी तैयार किया गया. बीडीओ मनीष आनंद ने बताया कि प्रस्ताव के अनुसार, माधोपुर, चंद्रमंडीह, घुटवे, नावाडीह शिल्पारी, डढ़वा, रामसिंहडीह, कल्याणपुर, ठाड़ी और कियाजोरी पंचायत को मिलाकर माधोपुर को नए प्रखंड का मुख्यालय बनाया जायेगा. उन्होंने बताया कि नये प्रखंड के गठन के लिए सरकार द्वारा 16 कॉलम का विस्तृत प्रपत्र मांगा गया है, जिसमें एक लाख से अधिक आबादी, आठ से अधिक पंचायत, वर्तमान प्रखंड मुख्यालय से दूरी सहित अन्य मानकों की जानकारी देनी होती है. उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक प्रपत्र, नजरी नक्शा और अन्य कागजात तैयार कर जिला पदाधिकारी को भेजा जायेगा.बैठक में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि माधोपुर में नया प्रखंड बनने से चकाई के पूर्वी इलाके के विकास को नई गति मिलेगी. इससे स्थानीय लोगों को प्रशासनिक कार्यों में सहूलियत मिलेगी और सरकार की योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा. बैठक में सीओ राजकिशोर साह, प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी, सांसद प्रतिनिधि प्रसादी पासवान, राजद प्रखंड अध्यक्ष बाबूराम किस्कू, मुखिया पंकज शाह, अमीर दास, ओम प्रकाश पासवान, टिम्पू राय, वासुदेव शाह, प्रकाश दास, अमित तिवारी, उपप्रमुख धाती देवी, सुनील सोरेन, सचिन पासवान, सबीना टुडू, दिनेश यादव, पवन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद थे. हालांकि इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद, विधायक और विधान पार्षद की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही. साथ ही कई पंचायतों के मुखिया और पंचायत समिति सदस्य भी बैठक में शामिल नहीं हुए.
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उप विकास आयुक्त, जमुई द्वारा तत्कालीन बीडीओ से नए प्रखंड के सृजन को लेकर प्रस्ताव मांगा गया था, लेकिन अब तक इसे भेजा नहीं जा सका था. अब प्रखंड प्रमुख और बीडीओ की पहल पर बैठक आयोजित कर माधोपुर को प्रखंड बनाने को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है.सरौन को भी प्रखंड बनाने की उठी मांग
चकाई प्रखंड मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित सरौन इलाके को भी प्रखंड बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. सरौन के युवा समाजसेवी सुमित चौधरी, मुरारी चौधरी, रंजन बरनवाल, राकेश चौधरी और उमेश यादव समेत कई लोगों ने प्रखंड प्रशासन व प्रखंड प्रमुख से सरौन को भी प्रखंड मुख्यालय बनाने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यह इलाका लंबे समय से विकास से वंचित रहा है. यहां भी आठ से नौ पंचायत को मिलाकर नया प्रखंड बनाया जा सकता है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी. स्थानीय लोगों ने बताया कि दिवंगत पूर्व विधायक फाल्गुनी यादव भी लंबे समय से सरौन और माधोपुर को प्रखंड बनाने की मांग उठाते रहे थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




