इंटर परीक्षा के तीसरे दिन 18,788 परीक्षार्थी हुए शामिल, 241 रहे अनुपस्थित
Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 05 Feb 2026 9:21 PM
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा के तीसरे दिन जिले में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न हुई.
जमुई . बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा के तीसरे दिन जिले में शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न हुई. जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर कुल 18,788 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 241 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. किसी भी परीक्षार्थी के निष्कासन की सूचना नहीं है. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई, जिसमें 11,415 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 129 अनुपस्थित रहे. वहीं दूसरी पाली में 7,373 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 112 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके. परीक्षा के लिए कुल 21,935 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी थी. जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए गये थे. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड से चेहरे का मिलान किया गया. इसके बाद सघन जांच के उपरांत ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गयी. छात्राओं की जांच के लिए केंद्रों के भीतर अलग से अस्थायी कक्ष बनाये गये थे. किसी भी परीक्षार्थी को चिट-पर्ची या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी. वहीं वीक्षकों को भी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने पर रोक रही. विधि-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. वरीय पदाधिकारियों द्वारा समय-समय पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया और व्यवस्था का जायजा लिया गया. कदाचार-मुक्त परीक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे. दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार के कदाचार का मामला सामने नहीं आया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










