बराजोर क्रूड ऑयल चोरी मामले में तीन गिरफ्तार, लाइनर ने खोला गिरोह का राज
फोटो- गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network
हल्दिया-बरौनी पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी कार्यप्रणाली का खुलासा किया है.
जमुई, झाझा. हल्दिया-बरौनी पाइपलाइन से बराजोर के पास क्रूड ऑयल चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी थाना क्षेत्र स्थित मोदीबीघा गांव निवासी कमलकांत दास के 28 वर्षीय पुत्र नंद किशोर कुमार, बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के घाना गांव निवासी सौदागर यादव के 26 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार और सोनो थाना क्षेत्र के भीठरा गांव निवासी 26 वर्षीय दीपक कुमार उर्फ योगेंद्र यादव के रूप में हुई है.
आपके शहर में
मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना के बाद से ही पुलिस तकनीकी सेल की मदद से संदिग्धों की मोबाइल लोकेशन को ट्रैक कर रही थी. इसी क्रम में सोनो थाना क्षेत्र के भीठरा गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ योगेंद्र यादव संदिग्ध पाया गया. पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाना लाया.
थानाध्यक्ष मंटू कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ के दौरान दीपक ने घटना में दूसरे राज्यों के कई लोगों के शामिल होने की जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झारखंड के नंद किशोर कुमार और बांका के पंकज कुमार को उनके घर से गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार लाइनर का काम करता था दीपक
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दीपक कुमार ने बताया कि वह गिरोह के लिए लाइनर का काम करता था. उसके अनुसार गिरोह में कुछ तकनीकी लोग भी शामिल थे, जो पाइपलाइन में वाल्व लगाने और पाइप में ड्रिल कर तेल निकालने का काम करते थे.
पुलिस के अनुसार दीपक ने बताया कि तकनीकी रूप से दक्ष लोग घटना वाले दिन ही मौके पर पहुंचते थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत वहां से निकल जाते थे. वहीं नंद किशोर कुमार, पंकज कुमार समेत अन्य लोग पहले इलाके में रहकर रैकी करते थे और उसके बाद घटना को अंजाम देने की तैयारी की जाती थी.
तकनीकी लोगों की भूमिका की भी हो रही जांच
पुलिस अब इस गिरोह में शामिल कथित तकनीकी सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है. पूछताछ में सामने आए नामों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है.
15 जुलाई की घटना से शुरू हुई जांच
थानाध्यक्ष मंटू कुमार सिंह ने बताया कि बराजोर के पास बीते 15 जुलाई को हुई क्रूड ऑयल चोरी की घटना को लेकर झाझा थाना कांड संख्या 335/26 के तहत जांच शुरू की गयी थी. तकनीकी अनुसंधान और अन्य माध्यमों से पुलिस ने गिरोह की पहचान करने में सफलता हासिल की. इसके बाद संदिग्धों की निशानदेही पर गिरफ्तारी की गयी. पुलिस के अनुसार 15 जुलाई और 3 सितंबर को हुई घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. इन मामलों में आगे की कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में लगातार छापेमारी
झाझा एसडीपीओ केशव कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. टीम में थानाध्यक्ष मंटू कुमार सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल हैं. थानाध्यक्ष ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर हो, कानून से बच नहीं सकता. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए