करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़, जमुई पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरोह का सदस्य

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 14 Jun 2026 6:32 PM

विज्ञापन

JAMUI NEWS:साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमुई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

विज्ञापन

एक आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश में छापेमारी जारी, तकनीकी जांच में सामने आया करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी का मामला

जमुई.

जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में पुलिस ने गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में करीब एक करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है.रविवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई थी. इसी क्रम में साइबर थाना के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.

तकनीकी अनुसंधान के आधार पर हुई कार्रवाई

प्राप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर साइबर थाना, सिकंदरा थाना तथा अन्य पुलिस टीमों द्वारा संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान चंद्रदीप थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी रामविलास यादव के 23 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार को गिरफ्तार किया गया. जांच में उसके साइबर धोखाधड़ी में संलिप्त होने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं.

दो अन्य आरोपियों की पहचान, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं अन्य सामग्रियों की गहन जांच की जा रही है. वहीं इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

साइबर अपराध के प्रति लोगों को किया जागरूक

प्रेस वार्ता में डीएसपी अभिषेक कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए अथवा नजदीकी साइबर थाना को सूचना दे, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

छापेमारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी

छापेमारी दल में डीएसपी सह साइबर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार के अलावा अभय कांत चंदा, संदीप शाह, लक्ष्मण कुमार, सिकंदर कुमार और मुकेश कुमार शामिल थे. पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

साइबर फ्रॉड होने पर क्या करें

• तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें.

• ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें.

• अपने नजदीकी साइबर थाना से तत्काल संपर्क करें.

• बैंक खाता, ओटीपी, एटीएम पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन