कुरवाटांड चौक की हार्डवेयर दुकान में सेंधमारी, डेढ़ लाख नकद समेत पांच मोटर चोरी
दुकान के बाहर लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
गरही थाना क्षेत्र के कुरवाटांड चौक स्थित शुभम हार्डवेयर दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर डेढ़ लाख रुपये नकद और पांच मोटर चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खैरा (जमुई) : गरही थाना क्षेत्र के कुरवाटांड चौक स्थित शुभम हार्डवेयर दुकान में बुधवार की रात चोरों ने सेंधमारी कर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद समेत पांच मोटर और कई एसेसरीज चोरी कर ली. चोर दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए.
आपके शहर में
सुबह दुकान खोलने पर मिली चोरी की जानकारी
दुकान संचालक अशोक साव ने बताया कि गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर गल्ला खुला मिला और उसमें रखे करीब डेढ़ लाख रुपये गायब थे. दुकान की जांच करने पर पांच मोटर और कई अन्य एसेसरीज भी नहीं मिलीं. इसके बाद दुकान के पिछले हिस्से में देखा गया तो दरवाजा खुला था और पिछली दीवार में सेंध लगी हुई थी.
दीवार में छेद कर दुकान में घुसे चोर
आशंका है कि चोरों ने पहले दुकान की पिछली दीवार में छेद किया और इसके बाद पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया. नकदी और सामान चोरी करने के बाद चोर उसी रास्ते से बाहर निकल गए. घटना के बाद कुरवाटांड चौक के अन्य दुकानदारों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
चोरी की सूचना मिलने पर गरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने सेंधमारी वाले स्थान सहित आसपास के इलाके की जांच कर साक्ष्य जुटाए. दुकान संचालक से पूछताछ के साथ चोरी गए सामान का ब्योरा भी लिया जा रहा है. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की छानबीन में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए