पैंघी गांव की मिट्टी में पले-बढ़े डॉ. राहुल कुमार ने डॉ. प्रज्ञा के साथ मिलकर लिखी NSS की महत्वपूर्ण पुस्तक, बढ़ा जिले का मान
फोटो- राष्ट्रीय एकता शिविर में पुस्तक का विमोचन करते हुए डॉ राहुल | Prabhat Khabar Network
पैंघी गांव के डॉ. राहुल कुमार ने NSS पर एक नई पुस्तक लिखी है, जिसका लक्ष्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करना है. यह पुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक स्तर पर पढ़ाई जाएगी और एनएसएस के अनुभव को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ेगी.
जमुई, बरहट. प्रखंड की नुमर पंचायत के पैंघी गांव की मिट्टी में पले-बढ़े डॉ राहुल कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसका लाभ अब देशभर के विद्यार्थियों तक पहुंचने वाला है. तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ राहुल कुमार ने डॉ प्रज्ञा के साथ संयुक्त रूप से ‘नेशनल सर्विस स्कीम एंड नेशन बिल्डिंग’ पुस्तक लिखी है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक स्तर पर विद्यार्थियों को पढ़ाई जाने वाली राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की यह पुस्तक प्रमुख पाठ्य सामग्री के रूप में उपयोगी होगी.
आपके शहर में
सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर, बीएचयू तक पहुंची पढ़ाई
डॉ राहुल कुमार का सफर सुविधासंपन्न परिवार से निकलकर मुकाम हासिल करने की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, मेहनत और लगन की मिसाल है. पैंघी गांव में जन्मे राहुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से हासिल की. इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई. वर्तमान में वह तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं.
एनएसएस से लंबे जुड़ाव ने पुस्तक को दिया अनुभव का आधार
डॉ राहुल कुमार का राष्ट्रीय सेवा योजना से लंबे समय से जुड़ाव रहा है. वह अपने विश्वविद्यालय में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. विभिन्न एनएसएस शिविरों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के दौरान उन्होंने युवाओं को सामुदायिक सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का लगातार प्रयास किया है. भागलपुर में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में उनकी भूमिका भी एनएसएस के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है. इसी अनुभव और व्यावहारिक समझ को उन्होंने डॉ प्रज्ञा के साथ मिलकर पुस्तक के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

एनएसएस के साथ राष्ट्र निर्माण की समझ विकसित करेगी पुस्तक
डॉ राहुल कुमार और डॉ प्रज्ञा की पुस्तक विद्यार्थियों को एनएसएस के इतिहास, मूल सिद्धांतों और सामाजिक भूमिका से परिचित कराने के साथ सामुदायिक सेवा, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर केंद्रित है. पुस्तक का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को यह समझाना भी है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारी योजनाओं और संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है. एनएसएस के माध्यम से युवाओं में सेवा भावना और सामाजिक दायित्व की समझ विकसित करने पर पुस्तक में जोर दिया गया है.
राष्ट्रीय एकता शिविर में हुआ पुस्तक का विमोचन
भागलपुर में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर के दौरान ‘नेशनल सर्विस स्कीम एंड नेशन बिल्डिंग’ पुस्तक का विमोचन किया गया. एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने भी पुस्तक की सराहना की है.
पैंघी गांव के लिए गौरव का विषय
डॉ राहुल कुमार की इस उपलब्धि को जमुई जिले के साथ उनके पैतृक गांव पैंघी के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है. छोटे से गांव के सरकारी स्कूल से शिक्षा की शुरुआत करने वाले राहुल कुमार ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय तक का सफर तय किया और आज विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं. अब उनकी लिखी पुस्तक देशभर के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पाठ्य सामग्री बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. शिक्षा और राष्ट्र सेवा के बीच सेतु बनाने वाली यह पुस्तक युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रयास करेगी.
Also Read : बाणसागर का पानी बना बिहार के लिए नई मुसीबत, सोन में 5.25 लाख क्यूसेक का रिकॉर्ड बहाव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए