पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से सनसनी, झारखंड के युवक की हुई पहचान, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

Updated:
विज्ञापन
पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से सनसनी, झारखंड के युवक की हुई पहचान, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल का ज्यादा लेते हुए एसडीपीओ

Hanging Case : लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव. मौके से रेल टिकट, मोबाइल, बैग, शराब की बोतल समेत कई सामान बरामद. पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच.

विज्ञापन

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट

Hanging Case : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव स्थित टिलुआ आहार के समीप शनिवार सुबह नीम के पेड़ से एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान झारखंड के देवघर जिले के करंजो मुरली पहाड़ी निवासी विजय कुमार मुर्मू के रूप में हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.

रेल टिकट और मोबाइल से हुई पहचान

घटनास्थल के पास जमा लोगों की भीड़

पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से झारखंड के विद्यासागर स्टेशन से जमुई तक का 2 जुलाई का रेल टिकट बरामद हुआ. इसके अलावा उसके पास एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला. मोबाइल ऑन करने पर आए एक कॉल के जरिए मृतक की पहचान विजय कुमार मुर्मू, पिता गिरीश मुर्मू, निवासी करंजो मुरली पहाड़ी, देवघर (झारखंड) के रूप में हुई.

घटनास्थल से कई अहम सामान बरामद

जांच के दौरान पुलिस को शव से करीब 100 मीटर दूर एक चप्पल और देशी शराब की एक बोतल मिली. वहीं शव के पास एक नया बैग, सिगरेट, माचिस का पैकेट तथा केले के छिलके भी बरामद हुए. पुलिस ने सभी सामान जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है. अधिकारियों का मानना है कि इन साक्ष्यों से घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिल सकती है.

एफएसएल टीम ने किया वैज्ञानिक जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया. विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ देर तक मौके पर मौजूद रहकर जांच में जुटे रहे.

एसडीपीओ बोले- सभी पहलुओं पर हो रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ सतीश सुमन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गहन जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

परिजनों को दी गई सूचना

Hanging Case : पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक लक्ष्मीपुर के जंगल तक कैसे पहुंचा, वह यहां किस उद्देश्य से आया था और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था.

ALSO READ: पढ़ाई को लेकर डांट से नाराज 12 वर्षीय रूपेश घर से लापता, परिजनों ने पुलिस से लगाई गुहार

विज्ञापन
पिंटू प्रणव

लेखक के बारे में

By पिंटू प्रणव

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन