जमुई में किउल नदी में डूबे मजदूर का 12 घंटे बाद मिला शव, छह दिन की बेटी व बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Updated:
विज्ञापन

सदर अस्पताल में गमगीन परिजन.  | Prabhat Khabar Network

जमुई जिले में एक दुखद घटना सामने आई है जहाँ ढलाई का काम पूरा करने के बाद किउल नदी में नहाने गए मजदूर की डूबने से मौत हो गई. करीब 12 घंटे की अथक तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया.

विज्ञापन

जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र में पत्नेश्वर मंदिर के समीप किउल नदी में नहाने के दौरान डूबे मजदूर का शव सोमवार सुबह करीब 12 घंटे बाद बरामद किया गया. मृतक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के अगहरा गांव निवासी कृष्णा मांझी के 30 वर्षीय पुत्र मुन्ना मांझी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

ढलाई का काम पूरा कर नदी में नहाने गया था मजदूर

बताया जाता है कि मुन्ना मांझी ढलाई मजदूर के रूप में काम करता था. रविवार को वह पत्नेश्वर मंदिर के समीप सीढ़ी रूम की ढलाई करने गया था. काम पूरा होने के बाद वह अपने जीजा शंकर मांझी के साथ किउल नदी में नहाने चला गया.

नहाने के दौरान अचानक मुन्ना गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह नदी में डूब गया. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

सुबह दोबारा तलाश में नदी से मिला शव

रविवार देर शाम तक खोजबीन के बावजूद मुन्ना का पता नहीं चलने के बाद सोमवार सुबह फिर से नदी में तलाश शुरू की गयी. करीब 12 घंटे बाद नदी से उसका शव बरामद किया गया.

शव मिलने की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गये.

छह दिन की बेटी और सात साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

मुन्ना मांझी की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक छह दिन की नवजात बेटी और सात वर्षीय बेटा है. जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी के जन्म की खुशी थी, वहां अब मातम पसरा है.

पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं मुन्ना की मौत की खबर से अगहरा गांव में भी शोक की लहर दौड़ गयी है. ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन