चिरेन पुल के समीप सड़क किनारे पड़ा है क्षतिग्रस्त हाईवा, हादसे का बढ़ा खतरा

Updated:
विज्ञापन

सड़क किनारे दुर्घटना ग्रस्त पड़ा हाइवा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चिरेन पुल के पास सड़क किनारे पड़ा दुर्घटनाग्रस्त हाईवा और बड़े गड्ढे मौत का नया कारण बन रहे हैं. स्थानीय लोग प्रशासन से इसे तुरंत हटाने की गुहार लगा रहे हैं, क्योंकि इससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है.

विज्ञापन

जमुई : चकाई-बटिया मुख्य मार्ग पर चिरेन पुल के समीप पिछले कई दिनों से दुर्घटनाग्रस्त हाइवा सड़क किनारे पड़ा है. हादसे के बाद वाहन नहीं हटाये जाने और सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण इस स्थान पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से क्षतिग्रस्त हाइवा को तत्काल हटाने की मांग की है.

विज्ञापन

बताया जाता है कि विगत सोमवार की दोपहर चिरेन पुल के समीप हाइवा और एक लग्जरी वाहन के बीच टक्कर हो गयी थी. हादसे में मोटरसाइकिल सवार समेत तीन वर्षीय बच्ची और उसके पिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी. वहीं, मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी थीं, जिनका इलाज पटना में चल रहा है.

वाहनों को रास्ता देने में होती है परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े क्षतिग्रस्त हाइवा के कारण बटिया की ओर से आने और चकाई की ओर जाने वाले वाहनों को एक-दूसरे को रास्ता देने में परेशानी होती है. चिरेन पुल के समीप घाटी का यह हिस्सा पहले से ही जोखिम भरा माना जाता है. ऐसे में सड़क किनारे खड़ा भारी वाहन और सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटना का खतरा और बढ़ा रहे हैं.

इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों का भी आवागमन होता है. सड़क के बीच जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने से वाहन चालकों को परेशानी होती है. रात के समय स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है, क्योंकि गड्ढे और सड़क किनारे खड़ा वाहन दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देता.

जर्जर सड़क और घुमावदार मोड़ भी बढ़ा रहे परेशानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि बटिया घाटी का यह मार्ग पहले से ही जर्जर है. कई जगह सड़क संकरी होने के साथ घुमावदार मोड़ भी हैं. ऐसे स्थानों पर सामने से आने वाले वाहनों का पता देर से चलता है. दुर्घटनाग्रस्त हाइवा के लंबे समय से सड़क किनारे पड़े रहने से परेशानी और बढ़ गयी है.

ग्रामीणों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और प्रशासन से दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को तत्काल हटाने, सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा चिरेन पुल और बटिया घाटी के इस हिस्से में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाये गये तो यहां फिर कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन