जमुई में पेड़ की डाली काटने के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चले, आठ घायल

सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे घायलों की तस्वीर.
Jamui Crime News : जमुई के इंदपे गांव में भूमि विवाद और पेड़ काटने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ. इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए. डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
Jamui Crime News : जमुई टाउन थाना क्षेत्र के इंदपे गांव में शुक्रवार सुबह भूमि विवाद और पेड़ काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे. इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों के चार-चार सहित कुल आठ लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
कंपाउंड में पेड़ काटने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
पहले पक्ष की ओर से सुरेश पंडित की पत्नी सरोजनी देवी ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह गांव के गोपाल पंडित और नीरज पंडित उनके कंपाउंड में लगे पेड़ को जबरन काट रहे थे. विरोध करने पर आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र बिक्की कुमार, पुत्री जुली कुमारी और गोतनी फुल कुमारी के साथ भी मारपीट की गई. पीड़ित पक्ष ने गोपाल पंडित, नीरज पंडित, दरोगी पंडित, राजेंद्र पंडित, इंद्रदेव पंडित, भिखारी पंडित, विकास कुमार, पवन पंडित सहित अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है.
दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से गोपाल पंडित ने बताया कि विवाद पेड़ की डाल छांटने को लेकर शुरू हुआ था. उनका आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के श्याम पंडित, सुरेश पंडित, गिरधारी पंडित, सुनील पंडित, शेखर पंडित, बृजेश पंडित, घनश्याम पंडित, मुनेश्वर पंडित और संजीवन पंडित सहित अन्य लोगों ने उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस पक्ष से गोपाल पंडित, विकास कुमार, अनिता देवी और सरस्वती देवी घायल हुए हैं.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बिगड़ने से पहले संभली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया. स्थानीय लोगों के अनुसार यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो घटना और गंभीर रूप ले सकती थी.
जांच में जुटी पुलिस, गांव में तनाव
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की जड़ पहले से चला आ रहा भूमि विवाद और पेड़ की डाल काटने का मुद्दा है. फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि तनाव बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










