जमुई: छत्तीसगढ़ में प्राइवेट गार्ड को गोली मारकर भागा विवेक यादव खैरा से गिरफ्तार, नाले के पास से पुलिस ने दबोचा

Updated:
विज्ञापन

छत्तीसगढ़ पुलिस की हिरासत में आरोपित युवक | Prabhat Khabar Network

छत्तीसगढ़ में शराब भट्ठी पर तैनात प्राइवेट गार्ड को गोली मारकर फरार हुए आरोपी विवेक यादव को जमुई जिले की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को नाले के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया.

विज्ञापन

जमुई जिले की खैरा थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ में शराब भट्ठी पर तैनात एक प्राइवेट गार्ड को गोली मारकर फरार हुए नामजद आरोपी विवेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद छत्तीसगढ़ से भागकर अपने पैतृक गांव जीतझिगोई में छिपकर रह रहा था. छत्तीसगढ़ पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर खैरा थाना पुलिस ने गांव में त्वरित छापेमारी की और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को नाले के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शराब विवाद में साथी से हथियार लेकर मारी थी गोली

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में एक शराब भट्ठी पर शराब को लेकर विवेक यादव और उसके साथी रोशन कुमार ठाकुर का वहां तैनात प्राइवेट गार्ड से विवाद हो गया था. विवाद बढ़ने पर विवेक यादव ने कथित तौर पर अपने साथी रोशन कुमार ठाकुर से हथियार लिया और गार्ड के पेट में सीधे गोली दाग दी. गोली लगने से गार्ड लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद विवेक यादव मौके से फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने गांव जीतझिगोई (खैरा) आकर गुप्त रूप से रहने लगा.

पुलिस को देख भागने लगा आरोपी, नाले के पास पकड़ाया

छत्तीसगढ़ पुलिस को जब आरोपी के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतझिगोई गांव में छिपे होने की सटीक सूचना मिली, तो उन्होंने खैरा थाना पुलिस से संपर्क कर सहयोग मांगा. सूचना मिलते ही गुरुवार दोपहर खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने जीतझिगोई गांव में दबिश दी. पुलिस की घेराबंदी को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और नाले के पास उसे धर दबोचा. इस छापेमारी अभियान में एएसआई ओमप्रकाश कुमार, सिपाही सौरव कुमार तथा चौकीदार मंतोष कुमार और मनोज कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.

आगे की कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंपा गया

खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में प्राइवेट गार्ड को गोली मारने के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी विवेक यादव को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि वारदात के बाद से ही वह यहां आकर छिपा हुआ था. इस पूरे मामले में उसके सहयोगी रोशन कुमार ठाकुर की भूमिका की भी जांच की जा रही है. कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई और रिमांड के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के सुपुर्द किया जा रहा है.


विज्ञापन
गुलशन कश्यप

लेखक के बारे में

By गुलशन कश्यप

गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन