जमुई: सब्जी विक्रेता भाई के त्याग को छोटे भाई ने बनाया ताकत, SSC CHSL में 1395वीं रैंक लाकर अभिषेक बने अफसर
अभिषेक कुमार | Prabhat Khabar Network
जमुई के अभिषेक कुमार ने SSC CHSL परीक्षा में 1395वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार का सपना साकार किया है। पिता के निधन के बाद बड़े भाई ने सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण किया और अभिषेक की पढ़ाई जारी रखी।
जमुई जिले के चकाई बाजार अंतर्गत साहू टोला निवासी अभिषेक कुमार ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर (सीएचएसएल) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 1395वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. अभिषेक का चयन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया विभाग में हुआ है. आर्थिक तंगहाली और विषम परिस्थितियों से लड़कर हासिल की गई इस शानदार सफलता से परिवार सहित पूरे चकाई क्षेत्र में खुशी की लहर है.
आपके शहर में
पिता के निधन के बाद बड़े भाई ने फुटपाथ पर बेची सब्जी
अभिषेक की इस प्रेरणादायक सफलता के पीछे उनके परिवार के कड़े संघर्ष और बड़े भाई के त्याग की एक भावुक कहानी जुड़ी है. पिता स्वर्गीय सातो साह के असामयिक निधन के बाद पूरा परिवार गहरे आर्थिक संकट में घिर गया था. ऐसे कठिन समय में बड़े भाई जयराम कुमार साव ने पूरे परिवार का सहारा बनकर जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली. उन्होंने स्थानीय हाट में फुटपाथ पर बैठकर सब्जी बेची और परिवार का भरण-पोषण किया. जयराम ने चार बहनों की सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ अपने छोटे भाई अभिषेक की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी.
कई बार बेहद कम अंतर से चूके, लेकिन जारी रहा संघर्ष
अभिषेक ने अपनी प्रारंभिक व इंटरमीडिएट की पढ़ाई स्थानीय एसके प्लस टू हाई स्कूल से पूरी की. इसके बाद उन्होंने पीपीवाई कॉलेज से अर्थशास्त्र (Economics) में स्नातक की डिग्री हासिल की. ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना चले गए. पटना में रहकर पढ़ाई के दौरान वे कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अंतिम चयन से बेहद मामूली अंतर से चूक गए. इसके बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और अपनी गलतियों से सीखते हुए निरंतर अभ्यास जारी रखा. आखिरकार एसएससी सीएचएसएल में 1395वीं रैंक लाकर उन्होंने अपने और अपने परिवार के सपने को साकार कर दिखाया.
मां के आशीर्वाद और बड़े भाई के संघर्ष को दिया श्रेय
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभिषेक ने इसका पूरा श्रेय अपनी मां रीता देवी के आशीर्वाद और बड़े भाई जयराम कुमार साव के अथक संघर्ष को दिया. अभिषेक ने कहा कि पिता के जाने के बाद जिस तरह बड़े भाई ने धूप-छांव की परवाह किए बिना मेहनत की और उन पर भरोसा जताया, वही उनके लिए सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा बनी.
चकाई के युवाओं के लिए बने प्रेरणा, व्यवसायियों ने दी बधाई
अभिषेक की इस उपलब्धि पर चकाई बाजार के व्यवसायियों और गणमान्य लोगों में खासा उत्साह है. चकाई व्यावसायिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार मुन्ना, सचिव कन्हैया लाल गुप्ता, शिक्षक जय प्रकाश पासवान, पवन केशरी, बवन यादव, संयोग केशरी सहित कई व्यवसायियों ने अभिषेक के घर पहुंचकर उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. स्थानीय लोगों ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अभिषेक ने जो मुकाम हासिल किया है, वह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए एक बड़ा मार्गदर्शन और प्रेरणा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By श्याम सिंह तोमर
श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए