फुटपाथ पर सब्जी बेचने वाले भाई का 'रजिस्ट्रार' बना छोटा भाई: चकाई के अभिषेक ने SSC CHSL में हासिल की 1395वीं रैंक, गृह मंत्रालय में हुआ चयन!
फोटो- अभिषेक कुमार | Prabhat Khabar Network
चकाई के अभिषेक कुमार ने SSC CHSL परीक्षा में 1395वीं रैंक हासिल कर गृह मंत्रालय में चयन पाया है. यह सफलता उनके बड़े भाई के अथक संघर्ष और परिवार के त्याग का परिणाम है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित हुए.
Jamui SSC CHSL Success: सरौन (जमुई). चकाई बाजार के साहू टोला निवासी अभिषेक कुमार ने कर्मचारी चयन आयोग की एसएससी-सीएचएसएल परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 1395वीं रैंक हासिल की है. उनका चयन गृह मंत्रालय के अधीन रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया विभाग में हुआ है. अभिषेक की सफलता से परिवार के साथ-साथ चकाई क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है.
आपके शहर में
पिता के निधन के बाद बड़े भाई ने संभाली परिवार की जिम्मेदारी
अभिषेक की सफलता के पीछे परिवार के संघर्ष और त्याग की लंबी कहानी है. पिता स्वर्गीय सातो साह के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझने लगा. ऐसे कठिन समय में बड़े भाई जयराम कुमार साव ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली. जयराम कुमार साव ने हाट में फुटपाथ पर सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण किया. चार बहनों की जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्होंने छोटे भाई अभिषेक की पढ़ाई में भी कोई कमी नहीं आने दी.
चकाई से पटना तक जारी रखी पढ़ाई
अभिषेक ने एसके प्लस टू हाई स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद पीपीवाई कॉलेज से अर्थशास्त्र विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की. स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की.
कई बार सफलता से चूके, फिर भी नहीं मानी हार
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अभिषेक कई परीक्षाओं में सफलता से बेहद कम अंतर से चूक गए. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी. लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी. आखिरकार एसएससी-सीएचएसएल परीक्षा में शानदार रैंक हासिल कर उन्होंने अपने लक्ष्य को पूरा कर लिया.
मां और बड़े भाई को दिया सफलता का श्रेय
अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय मां रीता देवी के आशीर्वाद और बड़े भाई जयराम कुमार साव के अथक संघर्ष को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार की विषम परिस्थितियों में बड़े भाई ने जिस तरह उनका साथ दिया, वही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा रही.
चकाई के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
Jamui SSC CHSL Success: अभिषेक की सफलता पर चकाई व्यवसायिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार मुन्ना, सचिव कन्हैया लाल गुप्ता, शिक्षक जय प्रकाश पासवान, पवन केशरी, बवन यादव, संयोग केशरी सहित अन्य व्यवसायियों ने बधाई दी. लोगों ने कहा कि अभिषेक ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मेहनत के बल पर सफलता हासिल की है. उनकी उपलब्धि चकाई के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए