लोस चुनाव : प्रशासन ने की थी पूरी सुरक्षा व्यवस्था, कचहरी चौक व समाहरणालय मार्ग पर लगाये गये थे बैरियर

Updated at : 26 Mar 2019 8:06 AM (IST)
विज्ञापन
लोस चुनाव : प्रशासन ने की थी पूरी सुरक्षा व्यवस्था, कचहरी चौक व समाहरणालय मार्ग पर लगाये गये थे बैरियर

जमुई : आगामी 11 अप्रैल को जमुई लोकसभा क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन कुल 12 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया. जिसमें वर्तमान सांसद चिराग पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपने पिता रामविलास पासवान के साथ जिला निर्वाची पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के समक्ष चार […]

विज्ञापन

जमुई : आगामी 11 अप्रैल को जमुई लोकसभा क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन कुल 12 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया. जिसमें वर्तमान सांसद चिराग पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपने पिता रामविलास पासवान के साथ जिला निर्वाची पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के समक्ष चार सेट में नामांकन दाखिल किया.

राष्ट्रीय लोक समता पार्टी प्रत्याशी के रूप में भूदेव चौधरी ने दो सेटों में अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया. बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में उपेंद्र रविदास ने दो सेटों में नामांकन दाखिल किया. इसके अलावे पंकज कुमार दास ने सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया के प्रत्याशी के रूप में दो सेट में नामांकन दाखिल किया.
अजय कुमार ने भारतीय दलित पार्टी, विष्णु प्रिया ने बहुजन मुक्ति मोर्चा पार्टी, वाल्मीकि पासवान ने हिंदुस्तान निर्माण दल के प्रत्याशी के रूप में, परवाल पासवान ने सत्य बहुमत पार्टी, धर्मवीर पासवान ने भारतीय जननायक पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया.
इंद्रदेव दास ने राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के रूप में दो सेट में, सुभाष पासवान और वीरेंद्र कुमार ने एक-एक सीट में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना-अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन दाखिल करने के दौरान कचहरी चौक पर लोगों की काफी भीड़ देखी गई.
इसे लेकर जिला प्रशासन द्वारा कचहरी चौक व समाहरणालय की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाया गया था. बैरियर पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल मुस्तैद थे जो समाहरणालय की ओर जाने वाले सभी कर्मियों का पहचान पत्र जांच कर ही अंदर जाने की अनुमति दे रहे थे.
नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे प्रत्याशियों के साथ आए हुए समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया. समर्थक अपने प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी करते भी रहे थे. अनुमंडल पदाधिकारी लखींद्र पासवान, एसडीपीओ रामपुकार सिंह विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर लगातार गश्ती कर रहे थे.
चिराग पासवान के पास 90 लाख के हैं मकान व जमीन
सांसद चिराग पासवान के पास 90 लाख का जमीन और मकान है. उन्होंने नामांकन दाखिल करने के दौरान हलफनामा में घोषणा करते हुए लिखा है कि मेरे पास 35000 रुपया नकदी है.
इसके अलावा एक जिप्सी और एक फॉर्च्यूनर वाहन भी है. साथ ही 8819 स्क्वायर फीट जमीन भी है. उन्होंने अपने द्वारा दाखिल आयकर विवरणी में अपना आय 6 लाख 11 हजार 597 रुपया दिखाया है. सांसद चिराग पासवान के पास अलग-अलग बैंक खाता में कुल 34 लाख 46 हजार 366 रुपया नकद जमा है.
उन्होंने अपने हलफनामा में लगभग 36 लाख पूंजी की पांच कंपनी के भी मालिक होने का दावा भी किया है. इन्होंने उनके ऊपर किसी भी प्रकार का बकाया नहीं होने की बात बताया है.
रालोसपा प्रत्याशी व उनकी पत्नी के नाम पर है 43 लाख की जमीन
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रत्याशी भूदेव चौधरी के नाम पर कुल 18 लाख और उनकी पत्नी इंद्रानी चौधरी के नाम पर 25 लाख की जमीन है. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रत्याशी भूदेव चौधरी ने नामांकन दाखिल करने के दौरान दायर हलफनामा में घोषणा करते हुए लिखा है कि वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2018-19 के बीच दाखिल आयकर विवरणी में उन्होंने अपनी आय 23 लाख 81 हजार 265 रूपया दिखाया है.
वहीं अपनी पत्नी के नाम पर दाखिल आयकर विवरणी में उनकी आय 5 लाख 46 हजार 569 रुपया दिखाया है. इसके अलावा उनके खाता में कुल 1.75 लाख रुपया और उनकी पत्नी के खाता में 1.50 लाख रुपया नगद जमा है.
भूदेव चौधरी के पास 45000 हजार रुपया नगद और उनकी पत्नी के पास 25000 हजार रुपया नगद भी है. भूदेव चौधरी ने भारतीय जीवन बीमा का चार लाख का बीमा पॉलिसी भी लिया है. साथ ही भूदेव चौधरी के पास एक स्कार्पियो वाहन है, जिसकी कीमत ग्यारह लाख है. भूदेव चौधरी के पास 25 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 90 हजार है और उनकी पत्नी के पास 50 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 1.50 लाख है.
चुनाव की तैयारी को ले बैठक
चकाई. चुनाव की तैयारी को लेकर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह चकाई बीडीओ सुनील कुमार चांद की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय में एक बैठक की गई. बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े सेक्टर पदाधिकारी सहित अन्य कर्मियों ने भाग लिया. मौके पर बीडीओ ने चुनाव कार्य हेतु गठित किये गये सभी कोषांगों की संबंधित पदाधिकारियों से अद्यतन जानकारी लिया. वहीं उन्होंने चुनाव कार्य हेतू अब तक कितने वाहन सीज किया गया तथा वाहन जब्ती में तेजी लाने का निर्देश भी दिया गया.
वहीं लॉक बुक अविलंब खोलने का निर्देश दिया गया. इसके आलावे पुलिस पदाधिकारियों को सभी चेक नाकों पर वाहन जांच में अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया. मौके पर सीओ अजित कुमार झा, पीओ नंदन कुमार, चकाई थानाध्यक्ष चंदेश्वर पासवान, चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष एके आजाद सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे.
करोड़ों के स्वामी हैं बसपा प्रत्याशी उपेंद्र रविदास
जमुई. लोकसभा चुनाव हेतु बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले उपेंद्र रविदास करोड़ों के स्वामी हैं. उन्होंने नामांकन दाखिल करने के दौरान दायर हलफनामे में यह घोषणा किया है कि वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2018-19 में दाखिल आयकर विवरणी में उन्होंने अपनी कुल आय 2 करोड़ 71 लाख 55 हजार 987 दर्शाया है.
वहीं पत्नी रेखा रविदास की कुल आय 33 लाख 69 हजार 431 हजार रुपया दर्शाया है. उन पर मुंबई के अलग-अलग थानों में कुल 4 और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जमुई के न्यायालय में कुल 4 समेत 8 मामला दर्ज है. उनके पास चार वाहन है, जिसकी कीमत 2 करोड़ 2 लाख 50 हजार है.
वहीं उपेंद्र रविदास और उनकी पत्नी रेखा रविदास के संयुक्त खाता में कुल 12 करोड़ 69 लाख 28 हजार 430 रुपया जमा है. इसके अलावा उनके पैतृक आवास झाझा प्रखंड के धोबियाकुरा में कुल पैतृक संपत्ति की कीमत 1.25 लाख है. मुंबई में उनके पास दो भवन है, जिसकी कीमत 4225 लाख है. उनके द्वारा संचालित 9 कंपनी की कुल जमा पूंजी 3189 लाख है और उनके ऊपर बैंक का कुल 431.6 लाख रुपया ऋण भी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन