वैशाली में ग्रामीण SP ने संभाला पदभार, 20 थानों-ओपी की कमान; अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन पहली प्राथमिकता
ग्रामीण सोनू कुमार राय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैशाली | Prabhat Khabar Network
वैशाली के नवपदस्थापित ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को अपनी प्राथमिकता बताया है।
hajipur News : वैशाली जिले के नवपदस्थापित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सोनू कुमार राय ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया. कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं बतायीं. उन्होंने अपराध नियंत्रण, अनुसंधान में तेजी और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को अपनी पहली प्राथमिकता बताया.
सदर-2, महुआ और महनार अनुमंडलों की कमान
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस वार्ता में नए ग्रामीण एसपी की जिम्मेदारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वैशाली जिले में सदर-1, सदर-2, महुआ और महनार समेत चार पुलिस अनुमंडल हैं. इनमें सदर-2, महुआ और महनार अनुमंडलों के अंतर्गत आने वाले अपराध मामलों की कमान ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय संभालेंगे.
आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचेंगे ग्रामीण एसपी
ग्रामीण एसपी के अधिकार क्षेत्र में विधि-व्यवस्था से जुड़ी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालना भी शामिल रहेगा. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध की स्थिति और महत्वपूर्ण मामलों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया जायेगा.
महत्वपूर्ण पुलिस शाखाओं को और विकसित करने की तैयारी
एसएसपी ने बताया कि अपराध शाखा, हिंदी शाखा, डीआई, स्पेशल ब्रांच और डीआईओ समेत महत्वपूर्ण शाखाओं को भविष्य में और अधिक विकसित किया जायेगा. पदभार ग्रहण करने के बाद ग्रामीण एसपी विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेंगे और संबंधित थानों का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं तथा महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा करेंगे.
फिलहाल पुराने आदेश के अनुसार ही होगा ट्रांसफर-पोस्टिंग
ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर स्पष्ट किया गया कि फिलहाल पूर्व से जारी पुलिस कार्यालय के आदेश के अनुसार ही व्यवस्था संचालित होगी. नई जिम्मेदारी के तहत ग्रामीण एसपी अपने क्षेत्र के थानों की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग व्यवस्था की भी समीक्षा करेंगे.
ग्रामीण एसपी के नियंत्रण में होंगे 20 थाने और ओपी
पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार महनार अनुमंडल, महुआ अनुमंडल और लालगंज अंचल क्षेत्र के कुल 20 थाने और ओपी ग्रामीण एसपी के सीधे नियंत्रण में रहेंगे.
महुआ अनुमंडल के थाने
महुआ, गोरौल, कटहरा, राजापाकड़, बरांटी, जंदाहा, महिसौर, तिसिऔता, पातेपुर, हरलोचनपुर सुक्की और बलिगांव थाना ग्रामीण एसपी के नियंत्रण में होंगे.
महनार अनुमंडल के थाने
महनार, देसरी, सहदेई और चांदपुरा थाना ग्रामीण एसपी के क्षेत्राधिकार में रहेंगे.
लालगंज अंचल के थाने
लालगंज, करताहा, वैशाली, बेलसर, भगवानपुर और सराय थाना भी ग्रामीण एसपी के सीधे नियंत्रण में होंगे.
अपराध नियंत्रण और अनुसंधान में तेजी पर रहेगा फोकस
पदभार संभालने के बाद सोनू कुमार राय ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण के साथ अनुसंधान की गुणवत्ता और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और महत्वपूर्ण मामलों की नियमित समीक्षा को भी प्राथमिकता दी जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए