वैशाली: भोजपुरी गाने पर डांस करते PHC चिकित्सा पदाधिकारी का वीडियो वायरल, मीटिंग हॉल का बताया जा रहा वीडियो; विभाग पर सवाल
पीएचसी प्रभारी का डांस करते वायरल फोटो
वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा पदाधिकारी का भोजपुरी गाने पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह कार्यक्रम सरकारी मीटिंग हॉल में आयोजित सावन महोत्सव के दौरान हुआ, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
Vaishali PHC Medical Officer Dance Viral Video: जिले में एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है. इसमें एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा पदाधिकारी भोजपुरी गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं. वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी अस्पताल के आधिकारिक परिसर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं.
आपके शहर में
मीटिंग हॉल में आयोजित हुआ था सावन महोत्सव
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना है. वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के आधिकारिक मीटिंग हॉल में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया था. इसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पीएचसी की चिकित्सा पदाधिकारी सीमा सरोज भोजपुरी के लोकप्रिय गीत "अईसे जनी रूपवा निहारअ ए बलम, हमरा लाज लागेला" की धुन पर डांस करती नजर आ रही हैं.
वायरल वीडियो में मीटिंग हॉल के भीतर स्वास्थ्य विभाग का आधिकारिक पोस्टर भी लगा दिखाई दे रहा है. इसी पोस्टर के सामने चिकित्सा पदाधिकारी डांस करती नजर आ रही हैं. बताया गया कि वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दो चिकित्सकों की तैनाती है, जिनमें दीपक कुमार और सीमा सरोज शामिल हैं. वहीं, इमरजेंसी मरीजों के इलाज को लेकर भी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाये जा रहे हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
कार्यक्रम के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. सरकारी अस्पताल के आधिकारिक मीटिंग हॉल में इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं. जिम्मेदार पद पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी के कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान डांस करने को लेकर भी चर्चा हो रही है.
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी उठ रहे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल उठाये जा रहे हैं. स्थानीय स्तर पर इमरजेंसी मरीजों को तत्काल उपचार नहीं मिलने की बात कही जा रही है.
बिहार सरकार की ओर से स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, अस्पतालों के निरीक्षण और अनुशासन को लेकर लगातार निर्देश दिये जाते रहे हैं. ऐसे में सरकारी अस्पताल के मीटिंग हॉल में आयोजित सावन महोत्सव का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस शुरू हो गयी है. हालांकि, सावन महोत्सव जैसे अवसरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना आम बात है, लेकिन सरकारी अस्पताल के आधिकारिक सभागार में कार्यक्रम और उसके वीडियो के वायरल होने से विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए