वैशाली: राघोपुर में गंगा के कटाव का जायजा लेने नाव से पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सरकार से की अविलंब बोल्डर पिचिंग कार्य शुरू कराने की मांग
कटाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव| Prabhat Khabar Network
तेजस्वी यादव ने अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में गंगा नदी से हो रहे कटाव का निरीक्षण किया और सरकार से जल्द बोल्डर पिचिंग कार्य शुरू करने की मांग की।
Hajipur News: जिले के राघोपुर दियारा क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के कारण हो रहे भीषण कटाव का स्थलीय जायजा लेने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नाव पर सवार होकर गंगा नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का सघन मुआयना किया.
आपके शहर में
इस दौरान तेजस्वी यादव के साथ राज्यसभा सांसद संजय यादव, विधान परिषद सदस्य (MLC) सुनील सिंह, राजद जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार दास, बहरामपुर पंचायत की पूर्व मुखिया शकुंतला देवी, युवा राजद नेता राकेश राज उर्फ चिंटू यादव तथा राघोपुर के अंचलाधिकारी (CO) राजीव कुमार चौधरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे.
बहरामपुर, पीर मोहम्मदपुर और केवला घाट का किया दौरा
नेता प्रतिपक्ष का काफिला नाव के माध्यम से प्रखंड के सर्वाधिक प्रभावित इलाकों बहरामपुर, पीर मोहम्मदपुर और केवला घाट पहुंचा. वहां उन्होंने कटाव पीड़ितों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं.
पीड़ित ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के लगातार हो रहे कटाव के चलते उनकी उपजाऊ कृषि भूमि तेजी से नदी में समाती जा रही है. पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों एकड़ उपजाऊ जमीन और कई आवासीय हिस्से गंगा की धारा में विलीन हो चुके हैं. ग्रामीणों ने राहत पहुंचाने के लिए अविलंब स्थायी कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की पुरजोर मांग की.
'क्षेत्र की हो रही अनदेखी, सरकार से फिर करेंगे बोल्डर पिचिंग की मांग': तेजस्वी यादव
निरीक्षण के उपरांत मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने पूर्व में भी राज्य सरकार और संबंधित जल संसाधन मंत्री से राघोपुर में गंगा कटाव को रोकने के लिए बोल्डर पिचिंग (पत्थरों की सुरक्षा दीवार) का कार्य कराने का आग्रह किया था, लेकिन सरकार व संबंधित विभाग ने राघोपुर की लगातार अनदेखी की है.
उन्होंने कहा कि राघोपुर की जनता ने उन्हें विधायक चुना है और वर्तमान में वे नेता प्रतिपक्ष हैं, इसके बावजूद क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. वे कटाव की इस गंभीर समस्या को लेकर एक बार फिर राज्य सरकार और संबंधित मंत्री से बात करेंगे. किसानों की खेती योग्य जमीन, घर और अस्तित्व को बचाने के लिए राघोपुर के सभी संवेदनशील घाटों पर अविलंब बोल्डर पिचिंग का कार्य शुरू कराया जाना बेहद आवश्यक है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए