हाजीपुर में आधी रात थानों की हकीकत परखने निकले एसपी, तीन थानों का औचक निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

सिविल ड्रेस में अचानक पहुंचे वैशाली एसपी | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर एसपी शुभांक मिश्रा ने सिविल ड्रेस में नगर, सदर और औद्योगिक थानों का औचक निरीक्षण किया। पुलिस महकमे में हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश।

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मंगलवार देर रात जिले के तीन संवेदनशील और महत्वपूर्ण थानों का औचक निरीक्षण किया. एसपी के अचानक और गोपनीय दौरे से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वह पूरी तरह सिविल ड्रेस में थानों की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से लेकर थाना अभिलेख, मालखाना, हवालात और सीसीटीवी की व्यवस्था की जांच की.

आपके शहर में

विज्ञापन

नगर, सदर और औद्योगिक क्षेत्र थाने में अचानक पहुंचे एसपी

अपनी विशेष रात्रि चेकिंग के दौरान एसपी शुभांक मिश्रा ने हाजीपुर नगर थाना, सदर थाना और औद्योगिक क्षेत्र थाना का औचक निरीक्षण किया. तीनों थानों के प्रभारियों के अलावा कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे. एसपी ने थानों के कामकाज को पारदर्शी और चुस्त बनाए रखने के लिए विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से पड़ताल की.

संतरी से रात्रि गश्ती तक की जांच

एसपी ने थानों में तैनात संतरी ड्यूटी, ओडी ड्यूटी और रात्रि अधिकारियों की उपस्थिति का भौतिक सत्यापन किया. जिले में अपराध नियंत्रण के लिए तैनात रात्रि गश्ती दलों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गयी. उन्होंने यह देखा कि रात में पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं या नहीं.

मालखाना, हवालात और सीसीटीवी की भी पड़ताल

औचक निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों के मालखाना, हवालात और जरूरी थाना अभिलेखों के संधारण की स्थिति की जांच की. थाना परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गयी. एसपी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया.

संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच का निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी. थाना प्रभारियों को क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने, अपराध पर लगाम कसने और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

उन्होंने रात्रि के समय संदिग्ध व्यक्तियों और गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच करने को कहा. असामाजिक तत्वों, बदमाशों और अपराधियों पर पैनी नजर रखने के लिए थाना क्षेत्रों में लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया गया.

लापरवाही मिली तो होगी विभागीय कार्रवाई

एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि रात्रि गश्ती या ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी. औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में यह संदेश गया है कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन