हाजीपुर : महुआ में बंद घर में चोरी, 90 हजार कैश और 5 लाख के गहने ले भागे चोर

Updated:
विज्ञापन

चोरी के बाद बिखरा सामान दिखाते पीड़ित परिवार

Theft in Mahua : महुआ के सदापुर महुआ गांव में चोरों ने एक बंद घर से करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घर के पीछे से छत पर चढ़कर घुसे चोरों ने नकदी और गहने पार कर दिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Theft in Mahua : महुआ थाना क्षेत्र के सदापुर महुआ गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर घर के पीछे से छत पर पहुंचे और सीढ़ी के रास्ते अंदर दाखिल हुए. इसके बाद गोदरेज और अटैची का लॉक तोड़कर 80 से 90 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पत्नी को मायके से लाने गया था गृहस्वामी

सदापुर महुआ गांव के वार्ड संख्या 20 स्थित विष्णु चौक निवासी राकेश कुमार ठाकुर की पत्नी रक्षाबंधन के दौरान अपने मायके मुजफ्फरपुर जिले के मरीचा गांव गई थी. राकेश कुमार ठाकुर 31 अगस्त को पत्नी को लाने के लिए ससुराल गए थे. घर बंद था और इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया.

पीछे से छत पर चढ़कर घर में घुसे चोर

बताया गया कि चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे को बंद देखकर पीछे की ओर से छत पर चढ़ने का रास्ता चुना. इसके बाद सीढ़ी के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए. कमरे में रखे गोदरेज और अटैची का लॉक तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और आभूषण चोरी कर लिए.

नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण गायब

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 80 से 90 हजार रुपये नकद के अलावा सोने का चेन, कान का फूल, कोटला, अंगूठी, झुमका और पायल समेत पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए. कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है.

2 सितंबर को घर पहुंचने पर चला चोरी का पता

राकेश कुमार ठाकुर जब 2 सितंबर को महुआ स्थित अपने घर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर गए तो कमरे का ताला टूटा मिला. गोदरेज और अटैची के लॉक भी टूटे हुए थे. सामान देखने पर नकद रुपये और आभूषण गायब मिले. इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की.

महुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने महुआ थाना में लिखित आवेदन दिया. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.

महाजन का पैसा लौटाने के लिए रखा था 90 हजार

पीड़ित राकेश ठाकुर ने बताया कि महाजन का सूद समेत पैसा लौटाने के लिए उन्होंने घर में करीब 90 हजार रुपये इकट्ठे कर रखे थे. चोरी के बाद परिवार की आर्थिक परेशानी बढ़ गई है. घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

चौक पर युवकों की भीड़ को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

राकेश ठाकुर की पत्नी मीना देवी ने बताया कि घर के सामने शाम होते ही काफी संख्या में युवक जमा हो जाते हैं. परिवार का आरोप है कि इस वजह से बच्चों को भी घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता. पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि चौक पर बेवजह जुटने वाली भीड़ में शामिल कुछ मनचले युवकों की वारदात में भूमिका हो सकती है. हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.

पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

स्थानीय युवक सूरज ठाकुर, विकास कुमार, जयराम समेत अन्य लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की नियमित गश्ती तेज नहीं हुई तो चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा. लोगों ने चोरी का सामान बरामद कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.

Also Read : वैशाली महिला महाविद्यालय में बैडमिंटन प्रतियोगिता, सरिता और कृति ने जीता पहला स्थान

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन