वैशाली: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर देसरी के खड़गपुर में लोजपा (रा) ने किया राहत सामग्री का वितरण; सूखा राशन व तिरपाल पाकर पीड़ितों ने ली राहत
लोजपा रामविलास पार्टी के नेता राहत वितरण करते हुए | Prabhat Khabar Network
वैशाली जिले में भीषण बाढ़ से जूझ रहे खड़गपुर गांव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सघन राहत अभियान चलाया. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर पार्टी की टीम ने सैकड़ों बाढ़ प्रभावित परिवारों को सूखा राशन, तिरपाल और अन्य जरूरी सामग्री वितरित की.
Hajipur News: वैशाली जिले के देसरी प्रखंड अंतर्गत भीषण बाढ़ का सामना कर रहे खड़गपुर गांव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के शीर्ष नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रविवार को सघन राहत अभियान चलाया. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के विशेष दिशा-निर्देश पर पार्टी की केंद्रीय व प्रदेश स्तरीय टीम ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सैकड़ों बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्रियों का वितरण किया.
आपके शहर में
'हाजीपुर का हर नागरिक हमारा परिवार', सेवा भाव से जुटे कार्यकर्ता
राहत वितरण के दौरान नेताओं ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का संदेश साझा करते हुए कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र हाजीपुर का हर एक नागरिक उनका अपना परिवार है. संकट और विभीषिका की इस कठिन घड़ी में किसी भी बाढ़ पीड़ित परिवार को खुद को असहाय या अकेला समझने की जरूरत नहीं है. उन्होंने दोहराया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा भाव और पूर्ण निष्ठा के साथ आमजन की सहायता के लिए तत्पर है और जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, यह राहत मुहिम निरंतर जारी रहेगी.
सूखा राशन, तिरपाल और जरूरी खाद्य सामग्री का वितरण
बाढ़ के पानी से घिरे ग्रामीणों और ऊंचे स्थानों पर शरण लिए विस्थापितों के बीच चूड़ा, मीठा, बिस्कुट, माचिस, मोमबत्ती सहित सूखे राशन के पैकेट और सिर छिपाने के लिए मजबूत तिरपाल (पॉलिथीन शीट्स) का वितरण किया गया. घरों में पानी घुस जाने के कारण भोजन और छत के संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को इस सहायता से तात्कालिक रूप से बड़ी राहत मिली है. नेताओं ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दवाओं और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए भी पार्टी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस राहत वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से लोजपा (रा) के विधान पार्षद (एमएलसी) अशरफ अंसारी, युवा प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय, पार्टी के वरिष्ठ नेता अवधेश कुमार सिंह, राजकुमार पासवान, हरिहर पासवान तथा युवा प्रदेश महासचिव संतोष शर्मा उपस्थित रहे. नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांव के जलमग्न टोलों में जाकर राहत पैकेट सौंपे. इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए