हाजीपुर में आपसी विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर की दीवार में धसीं गोलियां; चार बदमाशों पर आरोप
AI से बनाई गई तस्वीर
हाजीपुर के रामभद्र गांव में आपसी विवाद के चलते बदमाशों ने घर पर की अंधाधुंध फायरिंग. गोलियां दीवार में धसी, इलाके में दहशत का माहौल, पुलिस जांच में जुटी.
Hajipur Crime News : नगर थाना क्षेत्र के पातालेश्वर मंदिर के पीछे रामभद्र गांव में मंगलवार की शाम जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गयी. आरोप है कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने दिनेश सिंह के घर पर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग की. गोलीबारी के दौरान परिजनों ने घर के अंदर छिपकर किसी तरह अपनी जान बचायी.
तीन साल से चल रहा है जमीन को लेकर विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामभद्र निवासी दिनेश सिंह और कुंदन कुमार के बीच करीब तीन वर्षों से जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि करीब छह कट्ठा विवादित जमीन पर कब्जे की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया गया.
शाम छह बजे घर पर पहुंचकर फायरिंग का आरोप
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे आरोपी अपने अन्य सशस्त्र सहयोगियों के साथ दिनेश सिंह के दरवाजे पर पहुंचे. इसके बाद कथित तौर पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गयी. अचानक गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
मकान की दीवार में लगीं दो गोलियां
फायरिंग के दौरान दो गोलियां सीधे दिनेश सिंह के मकान की दीवार में जाकर लगीं. इससे दीवार में छेद हो गया. गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित दिनेश सिंह के पुत्र मनीष कुमार के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान किए जाने की बात कही है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
नगर थानाध्यक्ष सकिंदर कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. उन्होंने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए