हाजीपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आभूषण दुकानदार की मौत, चालक हिरासत में

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम हंगामा करते लोग

धरहरा हाई स्कूल के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक आभूषण दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हंगामा किया और ट्रैक्टर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया.

विज्ञापन

काजीपुर थाना क्षेत्र के धरहरा हाई स्कूल के समीप बुधवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक आभूषण दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद आक्रोशित राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. लोगों ने घटना के विरोध में हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

दुकान खोलने जा रहे थे मृत्युंजय कुमार

मृतक की पहचान पानापुर बिररा गांव निवासी मृत्युंजय कुमार उर्फ बज्जू के रूप में हुई है. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत्युंजय सुबह अपनी आभूषण की दुकान खोलने के लिए घर से निकले थे. धरहरा हाई स्कूल के समीप पहुंचने के दौरान गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गये. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के मौके से भागने की कोशिश करने पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची.

पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया. इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर पैतृक गांव रवाना हो गये.

ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों और दुकानदारों ने आरोप लगाया कि काजीपुर थाना क्षेत्र में बालू और गिट्टी लदे ट्रैक्टरों का ओवरलोड परिचालन जारी है. उनका कहना है कि भारी वाहनों को तेज रफ्तार में चलाये जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने और नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की.

ट्रैक्टर जब्त, चालक से पूछताछ

थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गयी थी. स्थिति को नियंत्रित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और हिरासत में लिये गये चालक से पूछताछ की जा रही है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी. साथ ही क्षेत्र में अवैध और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात कही.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन