दिनदहाड़े खाद व्यवसायी पर जानलेवा हमला, पचास हजार लूटने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

घायल खाद व्यवसायी | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर के मदारपुर में खाद व्यवसायी पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर लूट की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन

Hajipur Crime News : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के मदारपुर में बुधवार को दिनदहाड़े एक खाद व्यवसायी पर हमला कर लूटपाट का प्रयास किये जाने का मामला सामने आया है. बेखौफ बदमाश ने लोहे के फाइटर से ताबड़तोड़ प्रहार कर व्यवसायी का सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये. व्यवसायी के शोर मचाने पर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. घायल व्यवसायी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकनूर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाइक अड़ाकर व्यवसायी की गाड़ी रुकवायी, शीशा नीचे करते ही किया हमला

घटना मदारपुर स्थित सीमा स्वीट्स के पास की है. प्राथमिकी के अनुसार, पंकज कुमार बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे अपनी चार पहिया गाड़ी से दुकान से हाजीपुर आ रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उनकी गाड़ी के आगे मोटरसाइकिल अड़ाकर रास्ता रोक दिया. किसी काम के सिलसिले में व्यवसायी ने गाड़ी रोककर शीशा नीचे किया. आरोप है कि इसी दौरान युवक गाली-गलौज करने लगा और जान मारने की नीयत से लोहे के फाइटर से उनके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया.

हमले में व्यवसायी के सिर में गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गये. इसके बाद आरोपी ने गाड़ी में रखा बैग छीनने का प्रयास किया. बैग में करीब 50 हजार रुपये नकद रखे होने की बात प्राथमिकी में बतायी गयी है.

शोर मचाने पर जुटे लोग, भाग रहे आरोपी को दबोचा

हमले के बाद व्यवसायी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये. लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. इसके बाद लोगों ने घायल व्यवसायी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के लिखित आवेदन पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन