वैशाली में पूर्व सैनिक के बंद घर में करोड़ों की चोरी, वैष्णो देवी यात्रा छोड़ लौटे गृहस्वामी

Updated:
विज्ञापन
लीडययय पूर्व सैनिक के बंद घर में रविवार को हुई थी एक करोड़ की संपत्ति चोरी

चोरी के बाद कमरे में बिखरा सामान

वैशाली थाना क्षेत्र के रघवापुर गांव में पूर्व सैनिक रंजीत कुमार मिश्रा के घर हुई करोड़ों की चोरी ने सनसनी फैला दी है. परिवार के वैष्णो देवी दर्शन पर जाने के दौरान चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. चोरी के बाद गृहस्वामी को अपनी यात्रा बीच में छोड़कर लौटना पड़ा.

विज्ञापन

Hajipur theft: वैशाली थाना क्षेत्र के रघवापुर गांव में पूर्व सैनिक रंजीत कुमार मिश्रा के बंद घर में हुई चोरी के मामले में करोड़ों रुपये की संपत्ति चोरी होने का आकलन किया गया है. घटना की सूचना गृहस्वामी के मंगलवार देर शाम घर लौटने के बाद वैशाली थाना को दी गई. पुलिस मामले की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है.

वैष्णो देवी दर्शन के लिए गये थे परिवार के साथ

जानकारी के अनुसार पूर्व सैनिक रंजीत कुमार मिश्रा अपने परिवार के साथ 12 जुलाई को वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू गये थे. इसी दौरान चोरों ने उनके बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. 13 जुलाई की सुबह गृहस्वामी के बड़े भाई बैद्यनाथ मिश्र ने घर का मुख्य गेट खुला देखकर इसकी सूचना परिवार को दी. इसके बाद डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में घर की जांच की गई, जहां दोनों अलमारियों के ताले टूटे मिले और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था.

35 तोला सोना और ढाई किलो चांदी के जेवर चोरी

सूचना मिलने के बाद रंजीत कुमार मिश्रा ने अपनी वैष्णो देवी यात्रा बीच में ही छोड़ दी और 14 जुलाई को घर लौटे. जांच के दौरान उन्होंने पाया कि चोर करीब 35 तोला सोने के आभूषण, लगभग ढाई किलो चांदी के जेवर, 1.42 लाख रुपये नकद और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गये हैं. पीड़ित के अनुसार चोरी गये सोने के आभूषणों की कीमत करीब 90 लाख रुपये और चांदी के आभूषणों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये है. चोरी गये जेवर उनकी पत्नी, बेटी, बहू और पुत्र के थे.

पल्सर बाइक से भागने की आशंका

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना वाली रात करीब 12 बजे रघवापुर चौक स्थित एक किराना दुकान के पास एक पल्सर बाइक खड़ी देखी गई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी बाइक का इस्तेमाल चोरों ने वारदात के बाद भागने में किया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध



विज्ञापन
Deepak Kumar Srivastava

लेखक के बारे में

By Deepak Kumar Srivastava

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन