वैशाली में DIG की सख्ती, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश; फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तेज होगी छापेमारी
वरीय पुलिस अधीक्षक ने उप महानिरीक्षक को सम्मानित करते हुए | Prabhat Khabar Network
वैशाली में डीआईजी सत्यनारायण कुमार ने अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Hajipur News : तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सत्यनारायण कुमार ने बुधवार को वैशाली जिला मुख्यालय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में महुआ, तिसीऔता और हरलोचनपुर थाना क्षेत्रों में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं और उनके अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीआईजी ने एक-एक कांड की फाइल तलब कर पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली.
एक-एक कांड की फाइल तलब कर डीआईजी ने की समीक्षा
समीक्षा के दौरान संबंधित थानाध्यक्षों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों से मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गयी. डीआईजी ने गिरफ्तारियों, बरामदगी, अब तक की गयी कार्रवाई और लंबित अनुसंधान बिंदुओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया.
वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने पर जोर
डीआईजी सत्यनारायण कुमार ने सभी मामलों में साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संकलन पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि अनुसंधान को मजबूत बनाकर अदालत में पुख्ता चार्जशीट दाखिल करने की दिशा में काम किया जाए, ताकि दोषियों को सजा दिलाने में पुलिस की कार्रवाई प्रभावी साबित हो.
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए तेज होगी छापेमारी
गंभीर आपराधिक घटनाओं में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान तेज करने को कहा गया. डीआईजी ने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए और मामलों के निष्पादन में वरीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करना होगा.
थानों में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर नजर रखने का निर्देश
बैठक में मौजूद थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया. साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया.
एसएसपी ने दिशा-निर्देशों के पालन का दिया भरोसा
बैठक में वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी ने डीआईजी को आश्वस्त किया कि बैठक में दिये गये सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जायेगा. उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की बात कही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए