हाजीपुर: जीएम से मिले रेलकर्मी और आश्रित, चार मामलों में सुनी गयी विभागीय समस्याएं
रेलकर्मियों एवं आश्रितों से मुलाकात के दौरान पूमरे जीएम डिंपी गर्ग.
पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक नई पहल शुरू की गई है. अब हर मंगलवार को महाप्रबंधक (जीएम) रेलकर्मियों और उनके आश्रितों की समस्याएं सुनेंगे और उनके त्वरित समाधान का निर्देश देंगे.
Hajipur News : हाजीपुर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में मंगलवार को रेलकर्मियों एवं उनके आश्रितों की विभागीय समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए महाप्रबंधक से मुलाकात का आयोजन हुआ. इस दौरान डीएम डिंपी गर्ग ने चार रेलकर्मियों या उनके आश्रितों से मुलाकात की. रेलकर्मियों ने अपनी विभिन्न विभागीय समस्याओं और कठिनाइयों से महाप्रबंधक को अवगत कराया.
जीएम ने एक-एक कर सुनी समस्याएं
महाप्रबंधक ने प्रत्येक रेलकर्मी और उनके आश्रित की समस्या को गंभीरता से सुना. शिकायतों के संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी ली. इसके बाद संबंधित विभागों को मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
समस्याओं के समाधान में देरी नहीं करने का निर्देश
जीएम ने अधिकारियों से कहा कि रेलकर्मियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
हर मंगलवार जीएम से मिल सकते हैं रेलकर्मी
रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व मध्य रेल की ओर से प्रत्येक मंगलवार को महाप्रबंधक से मुलाकात का दिन निर्धारित किया गया है. रेलकर्मी अपनी समस्या के संबंध में पहले कार्मिक विभाग में अपना नाम पंजीकृत करा सकते हैं. इसके बाद निर्धारित मंगलवार को महाप्रबंधक से मुलाकात कर अपनी समस्या रख सकते हैं.
सीधे जीएम तक पहुंचाने का मिलता है अवसर
इस पहल का उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके आश्रितों को अपनी समस्याएं सीधे महाप्रबंधक के समक्ष रखने का अवसर देना है. साथ ही समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए