गोपालगंज में जनरल स्टोर से चल रहा था स्मैक का धंधा,दो सगे भाई गिरफ्तार; सीवान के सप्लायर की तलाश
फोटो नं 11- माधोपुर से गिरफ्तार स्मैक स्पायर | Prabhat Khabar Network
माधोपुर में जनरल स्टोर की आड़ में स्मैक बेचने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में स्मैक और नशीला पदार्थ बरामद किया गया है।
Gopalganj News : माधोपुर पुलिस ने बाजार स्थित एक जनरल स्टोर में छापेमारी कर कथित रूप से ड्रग्स सप्लाई करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दुकान से करीब 4.5 ग्राम स्मैक जैसी सामग्री के अलावा नशे में इस्तेमाल होने वाला सॉल्यूशन, 2,048 खाली रैपर और अन्य सामान बरामद किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई बताये जा रहे हैं. उनकी पहचान माधोपुर निवासी अंकित कुमार और अभिषेक कुमार, पिता धीरेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने कई अन्य लोगों के नाम बताये हैं. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है.
जनरल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार!
थानाध्यक्ष विकास कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि माधोपुर बाजार स्थित एक जनरल स्टोर में मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुकान में छापेमारी की. तलाशी के दौरान दुकान के पीछे रखी माचिस की डिब्बी से 11 पुड़िया में रखी स्मैक जैसी सामग्री बरामद हुई. पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की कीमत करीब चार लाख रुपये बतायी जा रही है.
दुकान से मिले 2,048 खाली रैपर और 700 सॉल्यूशन
पुलिस की तलाशी में दुकान से 2,048 खाली रैपर और 700 सॉल्यूशन भी बरामद किये गये. पुलिस ने सॉल्यूशन को नशे में इस्तेमाल होने वाला पदार्थ बताया है. बड़ी संख्या में रैपर और अन्य सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है.
माधोपुर स्कूल के छात्रों को टारगेट करने का आरोप
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आयी है कि माधोपुर बाजार में नशे की सप्लाई के लिए युवाओं और खासकर माधोपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों को कथित रूप से टारगेट किया जा रहा था. जनरल स्टोर की आड़ में युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाये जाने का आरोप है. स्थानीय स्तर पर भी नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर चिंता जतायी जा रही है.
सीवान के कपड़ीपुर निवासी सप्लायर की तलाश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सीवान जिले के नवीगंज थाना क्षेत्र के कपड़ीपुर गांव निवासी रुपेश उर्फ झुनझुन सिंह का नाम सामने आया है. आरोप है कि दोनों उसके साथ फोन पर संपर्क कर नशे की खेप मंगाते थे. पुलिस ने रुपेश उर्फ झुनझुन सिंह को इस मामले में मुख्य सप्लायर बताते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है.
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी होगी तलाश
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस अब बरामद सामग्री की जांच, आरोपियों से पूछताछ और उनके संपर्कों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए