गोपालगंज को 560 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी ने किया शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल सांसद, डीएम व अन्य
गोपालगंज को 560 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली. पीएम मोदी ने पीएम आवास योजना, आंबेडकर छात्रावास और सारण-गंडक नहर का लोकार्पण किया. जानिए क्या है खास.
Gopalganj development projects: नगर परिषद क्षेत्र के राकेश कुमार श्रीवास्तव, पार्वती देवी और कमलेश महतो के चेहरे उस समय खुशी से खिल उठे, जब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नवनिर्मित घरों की चाबी सौंपी गयी. आवास का सपना पूरा होने पर उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आये. जिले के करीब 500 लाभुकों को आवास योजना का लाभ मिला. इस मौके पर लाभुकों के चेहरे पर उत्साह, भरोसा और आत्मविश्वास दिखा.
वैशाली की धरती पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से गोपालगंज जिले की करीब 560 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास और लोकार्पण किया गया. वैशाली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से गोपालगंज जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार के माध्यम से सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन, डीएम समीर सौरभ, शिक्षा मंत्री के आप्त सचिव मनीष कुमार सिंह, भाजपा नेता राजू चौबे, दुर्गा राय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और संबंधित पदाधिकारी जुड़े.
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया. आवास योजना के लाभुकों को उनके नवनिर्मित मकानों की चाबी सौंपी गयी. वहीं, जीविका के माध्यम से लाभान्वित महिलाओं को उनके प्रयासों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. इस अवसर पर आधारभूत संरचना को मजबूत करने, जनसुविधाओं का विस्तार करने और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के संकल्प को रेखांकित किया गया.
बैकुंठपुर और उचकागांव में बनेंगे 720-720 बेड के आंबेडकर छात्रावास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैकुंठपुर और उचकागांव में बनने वाले आंबेडकर छात्रावासों की आधारशिला रखी. दोनों प्रखंडों में 65-65 करोड़ रुपये की लागत से 720-720 बेड वाले छात्रावासों का निर्माण कराया जायेगा. इस तरह दोनों परियोजनाओं पर कुल 130 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
इन छात्रावासों के निर्माण से विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी. शिक्षा विभाग की इस योजना से जिले के छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
300 करोड़ की लागत से पुनर्निर्मित सारण-गंडक नहर का लोकार्पण
सारण-गंडक नहर के पुनर्निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री ने वैशाली से इसका विधिवत लोकार्पण किया. इस परियोजना पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं. नहर के पुनर्निर्माण से किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने में सुविधा होगी. इससे कृषि कार्यों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास को लगाये पंख: सांसद
गोपालगंज के सांसद एवं जदयू के कोषाध्यक्ष डॉ आलोक कुमार सुमन ने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के विकास को पंख लगा दिये हैं. नीतीश कुमार के सपनों के अनुरूप बिहार को विकसित करने में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की बड़ी भूमिका है.
सांसद ने कहा कि बिहार की तरक्की को गति मिलने से रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे. विकास परियोजनाओं से राज्य में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
