गोपालगंज दिशा की बैठक में सांसद सख्त, विकास योजनाओं को समयसीमा में पूरा करने का निर्देश
दिशा की बैठक में शामिल सदस्य
गोपालगंज में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने योजनाओं में हो रही देरी और वित्तीय अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
गोपालगंज: कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता सांसद सह अध्यक्ष जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति डॉ. आलोक कुमार सुमन ने की. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, विद्युत, सिंचाई और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी.
आपके शहर में
नगर परिषद गोपालगंज में वर्ष 2014 से 2022 तक हुई करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता से संबंधित महालेखाकार की ऑडिट रिपोर्ट की जांच पर सदस्य अल्का दुबे ने सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि डीएम के आदेश पर एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट मांगी गयी थी, तो अब तक जांच में क्या प्रगति हुई है और संयुक्त जांच रिपोर्ट कब सौंपी जायेगी. इस पर एडीएम राजेश्वरी पांडेय ने एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने की बात कही.
थावे रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में थावे रेलवे स्टेशन से जुड़े विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की गयी. स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति और पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा हुई. सांसद ने रेलवे के संबंधित अधिकारियों को थावे स्टेशन से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
स्टेशन अधीक्षक के स्थानांतरण से संबंधित मामले में भी आवश्यक कार्रवाई कर अनुपालन से अवगत कराने को कहा गया. रेल सेवाओं और ट्रेनों के ठहराव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई. थावे जंक्शन से सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली ट्रेन सहित यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े मामलों में सक्षम स्तर पर कार्रवाई कराने का निर्देश दिया गया. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.
नए बस स्टैंड के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश
नगर परिषद गोपालगंज क्षेत्र में नए बस स्टैंड और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गयी. नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के मामले में अंचल अधिकारी, नगर परिषद, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अपर समाहर्ता को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. बंजारी नाला से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गयी.
नहरों में जलप्रवाह सुधारने पर जोर
सारण नहर प्रमंडल की समीक्षा के दौरान कम जलप्रवाह वाली नहरों के पुनर्स्थापन कार्य की स्थिति की जानकारी ली गयी. बताया गया कि कुल 104 योजना इकाइयों को मनरेगा के तहत समर्पित किया गया है. इनमें कई योजनाएं पोर्टल पर अपलोड हैं और प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है.
जिला पदाधिकारी ने स्वीकृत योजनाओं की भौतिक जांच कराने और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
सदर अस्पताल में जलजमाव की समस्या दूर करने का निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल गोपालगंज में जलजमाव, रिसाव और ड्रेनेज पाइप से जुड़ी समस्याओं का मामला सामने आया. संबंधित पदाधिकारी को अस्पताल परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
रेफरल अस्पतालों में मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श के बिना बाहर रेफर किये जाने की शिकायत पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गंभीर और अत्यंत आवश्यक मामलों को छोड़कर मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर रेफर नहीं किया जाए. चिकित्सकों की उपलब्धता और ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी.

बड़े बकायेदारों पर भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान बकाया राशि की वसूली और कनेक्शन काटने से संबंधित शिकायतों पर चर्चा हुई. बैठक में स्पष्ट किया गया कि बड़े बकायेदारों पर भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए और छोटे उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए.
अधिकारियों को बकाया वसूली में पारदर्शिता बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
शिक्षा ऋण की शिकायतों का करें शीघ्र निष्पादन
बैंकिंग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शिक्षा ऋण से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई. बैंक अधिकारियों को पात्र आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन करने और आवेदकों को अनावश्यक परेशानी नहीं देने का निर्देश दिया गया. विदेशी शिक्षा के लिए ऋण आवेदन से संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया.
छाड़ी नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश
बैठक में छाड़ी नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने और सौंदर्यीकरण कार्य को पूरा करने का भी निर्देश दिया गया. डीएम समीर सौरभ ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में दिये गये निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और लंबित जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान कराने को कहा.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू, सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव, बरौली विधायक मंजीत सिंह, हथुआ विधायक रामसेवक सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, जिला पदाधिकारी समीर सौरभ, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, नामित सदस्य और उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए