पति को जमानत मिलने पर भड़की महिला! गोपालगंज कचहरी रोड पर किया जमकर हंगामा, जज की गाड़ी घेरने के आरोप में 5 गिरफ्तार
कचहरी रोड में बवाल करने वाले पुलिस के गिरफ्त में आये.
पति को जमानत मिलने के बाद एक महिला ने परिजनों के साथ मिलकर न्यायिक पदाधिकारी की गाड़ी को कचहरी रोड पर रोककर हंगामा किया. इस दौरान सड़क पर यातायात बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी हुई. पुलिस ने महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
Judicial Vehicle Blocked: कचहरी रोड पर हाई वोल्टेज ड्रामा करने के मामले में पुलिस ने महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. आरोप है कि महिला और उसके परिजनों ने सड़क पर न्यायिक पदाधिकारी की गाड़ी को रोककर करीब 15 से 20 मिनट तक हंगामा किया. इस दौरान गाड़ी का गेट खोलने और शीशे पर हाथ मारने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के कारण कचहरी रोड पर यातायात बाधित रहा और राहगीरों के साथ एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
पति को जमानत मिलने के बाद सड़क पर किया हंगामा
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे नगर थाना में दर्ज एक मामले में महिला के पति मो. सदाम को गिरफ्तार किया गया था. मामला जमानतीय धाराओं में होने के बावजूद पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया. सीजेएम भारती कुमारी की अदालत में मामले की सुनवाई के बाद धाराओं को देखते हुए मो. सदाम को तत्काल जमानत दे दी गयी. इसके बाद महिला ने पुलिस पर अपने पति को बचाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया.
बताया जाता है कि इसके बाद महिला अपने बच्चों और परिजनों के साथ सड़क पर उतर गयी. वह सड़क पर लेटकर रोते हुए हंगामा करने लगी. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी.
न्यायिक पदाधिकारी की गाड़ी को घेरने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि महिला ने अपनी दो बहनों, भाइयों और अन्य लोगों के साथ मिलकर न्यायिक पदाधिकारी की गाड़ी को आगे से रोक दिया. इससे सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. करीब 15 से 20 मिनट तक गाड़ी को घेरकर हंगामा किया गया.
आरोप है कि महिला के भाई गाड़ी के आगे लेट गये, जबकि तीनों बहनों ने गाड़ी के शीशे पर हाथ से जोर-जोर से प्रहार किया. आरोपितों पर गाड़ी का शीशा तोड़ने, गेट खोलने का प्रयास करने तथा न्यायिक पदाधिकारी के साथ मारपीट करने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर पहुंची थी ससुराल
पुलिस के अनुसार, पटना निवासी नुसरत जहां की शादी करीब 10 वर्ष पहले तुरकहां निवासी मो. सदाम के साथ हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं. महिला का आरोप है कि उसका पति करीब पांच वर्षों से विदेश में नौकरी कर रहा था. इसी दौरान उसने कथित तौर पर दूसरी शादी कर ली.
नुसरत जहां को जब पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली, तो वह पटना से अपने ससुराल पहुंची. वहां उसने कथित तौर पर अपने पति को दूसरी महिला के साथ देखा. इसके बाद वह आक्रोशित हो गयी और सड़क पर लेटकर विरोध जताते हुए हंगामा करने लगी.
महिला समेत पांच आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पटना के राजाबाजार निवासी नूरजहां प्रवीण, उनकी बहन लाडली प्रवीण के पति अंसारुल्लाह खां, सब्जीबाग निवासी शबनम प्रवीण के पति नयाज अहमद खान, फुलवरिया के गौनपुरा निवासी इस्तेखार अहमद खान और सद्दाम खान को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया.
प्रोटेस्ट की लाइव कवरेज यहां क्लिक कर पढ़ें : PhD होल्डर्स के प्रदर्शन के बाद दारोगा अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए