गोपालगंज में 240 शिक्षकों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आज से, सख्त नियमों के साथ चलेगा कार्यक्रम

प्रशिक्षण केंद्र डायट थावे |
गोपालगंज में सरकारी विद्यालयों के कक्षा 3 से 5 के 240 शिक्षकों के लिए 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 20 जुलाई से शुरू हो रहा है. यह प्रशिक्षण एससीईआरटी के निर्देश पर थावे डायट में आयोजित होगा. प्रतिभागियों के लिए सख्त नियम लागू होंगे.
Gopalganj News : सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के कक्षा तीन से पांच तक के 240 शिक्षक-शिक्षिकाओं का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू होगा. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निर्देश पर यह प्रशिक्षण 20 से 24 जुलाई तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), थावे में आयोजित किया जाएगा. सभी प्रतिभागियों को 19 जुलाई की शाम तक प्रशिक्षण केंद्र में योगदान देना अनिवार्य किया गया है.
योग से होगी दिन की शुरुआत, गतिविधि आधारित होगा प्रशिक्षण
सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) लखींद्र दास ने प्रशिक्षण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. सभी प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. प्रशिक्षण का दैनिक कार्यक्रम सुबह 5:30 बजे योग एवं पीटी से शुरू होगा. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक गतिविधि आधारित शिक्षण, समूह चर्चा, कक्षा संचालन, भाषा एवं गणित शिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे. प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से दक्ष बनाना और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए तैयार करना है. चूंकि प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय होगा, इसलिए प्रतिभागियों को आवश्यक व्यक्तिगत सामग्री साथ लाने का निर्देश दिया गया है.
मोबाइल पर रोक, बायोमैट्रिक उपस्थिति होगी अनिवार्य
प्रशिक्षण के दौरान व्याख्यान, योग, पीटी और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. किसी भी गतिविधि की फोटो या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी. सभी प्रतिभागियों के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य रहेगा. पुरुष शिक्षकों को औपचारिक शर्ट-पैंट, टाई और लेदर शू, जबकि महिला शिक्षिकाओं को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा. योग एवं पीटी के दौरान ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शू पहनना अनिवार्य रहेगा. डीपीओ ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि में बिना अनुमति अवकाश नहीं मिलेगा. केवल आपात स्थिति में ही छुट्टी स्वीकृत की जाएगी. निजी वाहन, परिवार के सदस्य अथवा अन्य व्यक्तियों के साथ रहने की अनुमति नहीं होगी. रात 10 बजे के बाद परिसर में आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी तथा सभी प्रतिभागियों को रात 10:30 बजे तक छात्रावास में रहना अनिवार्य होगा. प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रतिभागियों को 24 घंटे "ऑन ट्रेनिंग" माना जाएगा और पूरे कार्यक्रम का संचालन एससीईआरटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










