गोपालगंज में दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता के साथ हैवानियत, पलंग से बांधकर पीटा, फिर घर से निकाला

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद थाना में जानकारी लेते पुलिस अफसर

Dowry Harassment: विवाहिता को दहेज के लिए ससुराल वालों ने बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और कई दिनों तक खाना नहीं दिया. मां ने पुलिस की मदद से बेटी और नाती को बचाया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है.

विज्ञापन

Dowry Harassment: सिधवलिया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है. विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार विवाहिता के हाथ-पैर पलंग से बांधकर मारपीट की गयी और कई दिनों तक खाना नहीं दिया गया. सूचना मिलने के बाद विवाहिता की मां ने डायल-112 की मदद से अपनी बेटी और नाती को ससुराल से सुरक्षित बाहर निकलवाया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

छपरा जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र के सिरिसतापुर गांव निवासी मजदा खातून ने सिधवलिया थाने में आवेदन देकर अपनी बेटी नूरशेदा खातून के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाये हैं. आवेदन के अनुसार नूरशेदा की शादी 26 फरवरी 2025 को विशुनपुरा गांव निवासी गुड्डू खान, पिता तौहीद खान के साथ हुई थी.

मायके पक्ष का कहना है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किये गये थे. दहेज में तीन लाख रुपये नकद के अलावा बाइक, फर्नीचर, फ्रिज, कूलर, टीवी समेत अन्य सामान दिये गये थे. आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा.

चार लाख रुपये और बाइक की मांग का आरोप

आवेदन में पति गुड्डू खान, सास रुकसाना खातून, ससुर तौहीद खान, ननद चांदतारा खातून समेत पड़ोसी एकलाख खान और उसकी मां पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.

विवाहिता की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग चार लाख रुपये नकद और एक और बाइक की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता के साथ कथित तौर पर मारपीट की गयी और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

हाथ-पैर बांधकर पीटने और खाना नहीं देने का आरोप

आवेदन के अनुसार विवाहिता को पलंग से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा गया. आरोप है कि उसे कई दिनों तक खाना भी नहीं दिया गया. विवाहिता के छोटे बच्चे के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.

मायके पक्ष के अनुसार बाद में विवाहिता और उसके बच्चे को घर से निकाल दिया गया तथा धमकी भी दी गयी. घटना की जानकारी किसी तरह विवाहिता की मां को मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी.

डायल-112 की मदद से बेटी को कराया सुरक्षित

विवाहिता की मां ने डायल-112 पर सूचना दी. इसके बाद पुलिस की मदद से विवाहिता और उसके बच्चे को ससुराल से सुरक्षित बाहर निकाला गया. आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष की ओर से धमकी दी गयी कि दोबारा बेटी को लेकर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी

मामले में सिधवलिया पुलिस ने विवाहिता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन