गोपालगंज के उचकागांव BRC में दिव्यांगता शिविर 31 अगस्त को: बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण, अभिभावकों से आने की अपील
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा उचकागांव प्रखंड में 31 अगस्त को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है. इस शिविर में 6 से 18 वर्ष के बच्चों की दिव्यांगता की जांच होगी और उन्हें सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
Disability Certification: बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना की ओर से दिव्यांग बच्चों के कल्याण और पुनर्वास को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत उचकागांव प्रखंड के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए 31 अगस्त 2026 को प्रखंड संसाधन केंद्र, उचकागांव में दिव्यांगता प्रमाणीकरण-सह-सहायक उपकरण जांच शिविर आयोजित किया जायेगा.
आपके शहर में
यह विशेष अभियान 19 अगस्त से शुरू होकर 10 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है. इसके तहत जिले के अलग-अलग प्रखंडों में दिव्यांग बच्चों की जांच और प्रमाणीकरण के लिए शिविर लगाये जा रहे हैं.
दिव्यांगता की होगी जांच, प्रमाणपत्र भी बनेगा
प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रेम हलधर ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की सही पहचान करना और जांच के बाद पात्र बच्चों का दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी करना है. इसके साथ ही जरूरत के अनुसार बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की जायेगी.
उन्होंने बताया कि इससे दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी तथा उन्हें सरकार की विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत होगी.
शिविर के लिए विशेष टीम गठित
शिविर को सुचारू और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गयी है. टीम में बृजेश कुमार यादव, दुर्गाचन्द, कृष्ण किशोर श्रीवास्तव, सरदार भगत सिंह, प्रभुनाथ गुप्ता, हरिलाल चौहान, कृपाशंकर पाण्डेय, शशि भूषण, राजेश गुप्ता, अजय सती और सुनील कुमार प्रजापति सहित अन्य कर्मियों को जिम्मेदारी दी गयी है.
इसके अलावा स्थानीय प्रखंड के सभी संसाधन शिक्षकों और प्रखंड साधन सेवियों को भी शिविर में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है.
अभिभावकों से बच्चों को शिविर में लाने की अपील
शिक्षा विभाग ने पात्र दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर प्रखंड संसाधन केंद्र उचकागांव लेकर पहुंचें. जांच के बाद पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र और आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए