सदर अस्पताल में सिविल सर्जन ने किया औचक निरीक्षण, चिकित्सक और कर्मी मिले अनुपस्थित

Author Manish raj
Updated:
विज्ञापन
सदर अस्पताल में सिविल सर्जन ने किया औचक निरीक्षण, चिकित्सक और कर्मी मिले अनुपस्थित

गोपालगंज. सदर अस्पताल में गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद द्वारा किये गये औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गयी.

विज्ञापन

गोपालगंज. सदर अस्पताल में गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद द्वारा किये गये औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गयी. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था में कई गंभीर खामियां सामने आयीं. इससे मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े हो गये. सिविल सर्जन सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात डाॅक्टर अपने कक्ष में मौजूद नहीं पाये गये. इसके बाद महिला वार्ड का निरीक्षण किया गया, यहां भी संबंधित डाॅक्टर अनुपस्थित मिलीं. डाॅक्टरों की गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की और कारणों की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में घूम रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को भी पकड़ा गया. सिविल सर्जन ने उनसे परिसर में मौजूद रहने के कारण पूछे और स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना वैध कारण के अस्पताल परिसर में घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाये, ताकि मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे. इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड के बाहर स्ट्रेचर संचालन और अन्य कार्यों के लिए तैनात चार चतुर्थ वर्गीय कर्मी भी अपने ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित पाये गये. इस पर सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी और भविष्य में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई. कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था देखी गयी. इस पर सिविल सर्जन ने सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार संवेदक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सिविल सर्जन ने कहा कि सदर अस्पताल जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है और यहां मरीजों को बेहतर व समय पर इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान इस तरह की लापरवाही पाये जाने पर संबंधित डाॅक्टरों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
Manish Raj

लेखक के बारे में

By Manish Raj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन