गोपालगंज: कृषि मंत्री का आदेश- किसानों से 266 रुपये से अधिक न लें यूरिया का दाम, शिकायत पर होगी जांच
प्रभारी मंत्री के समीक्षा बैठक में शामिल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में किसानों को ₹266 से अधिक में यूरिया बेचने पर सख्त कार्रवाई होगी. जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक में कृषि मंत्री ने यह आदेश दिया. किसानों से शिकायत पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया है.
Gopalganj News : गोपालगंज जिले में किसानों को निर्धारित दर पर यूरिया उपलब्ध कराने और खरीफ फसल की तैयारियों की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की. इसमें डीएम समीर सौरभ समेत कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
266 रुपये से अधिक में यूरिया बेचने पर होगी कार्रवाई
कृषि मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी खुदरा उर्वरक विक्रेता किसानों से यूरिया के लिए 266 रुपये से अधिक नहीं ले सकता है. निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने वाले रिटेलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को उर्वरक बिक्री केंद्रों की लगातार निगरानी करने और अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
खाद की उपलब्धता और स्टॉक की होगी नियमित जांच
मंत्री ने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उर्वरक दुकानों पर स्टॉक, बिक्री और निर्धारित मूल्य की नियमित जांच की जाए, ताकि किसानों को अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े.
अधिक कीमत मांगने पर डीएओ कार्यालय में करें शिकायत
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई रिटेलर यूरिया के लिए 266 रुपये से अधिक की मांग करता है या निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलता है, तो इसकी शिकायत जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय में करें. शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर दोषी विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
अप्रैल से सितंबर तक 412 दुकानों पर छापेमारी
बैठक में बताया गया कि जिले में उर्वरक दुकानों की नियमित जांच और छापेमारी की जा रही है. अप्रैल से सितंबर 2026 तक कुल 412 छापेमारी की गयी, जिनमें 97 मामलों में अनियमितताएं मिलीं. सितंबर माह में अब तक 11 छापेमारी की गयी है, जिनमें पांच मामलों में अनियमितता पायी गयी.
खरीफ फसल और कृषि योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में खरीफ मौसम से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. फसल आच्छादन, बीज वितरण, उर्वरक एवं जैविक कीटनाशकों की उपलब्धता, जैविक खेती, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, मृदा जांच, पौध संरक्षण, उद्यान, पशुपालन, धान अधिप्राप्ति, सिंचाई, विद्युत, मत्स्य पालन और गन्ना समेत कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की प्रगति पर चर्चा हुई.
किसानों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
डीएम समीर सौरभ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद-बीज की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री और सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने किसानों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और उर्वरक वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए