झारखंड से 130 लीटर देशी शराब लेकर गया जंक्शन पहुंचा युवक, RPF-GRP ने ऐसे दबोचा
गिरफ्तार युवक के पास आरपीएफ व जीआरपी की टीम | Prabhat Khabar Network
गया जंक्शन पर रेलवे पुलिस ने एक युवक को 130 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. यह युवक झारखंड से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था.
Gaya Junction : गया जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 130 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार रुपये बतायी गयी है.
आपके शहर में
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन सतर्क के तहत की गयी.
प्लेटफॉर्म संख्या एक-सी के हावड़ा छोर से संदिग्ध गिरफ्तार
उपनिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ जवान स्टेशन पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक-सी के हावड़ा छोर पर एक युवक सात जूट एवं प्लास्टिक के बोरे के साथ संदिग्ध अवस्था में मिला.
पूछताछ में उसने अपना नाम धीरज कुमार (निवासी- अंदर बैरागी, जनता कॉलोनी, वार्ड नंबर-10, थाना डेल्हा, जिला गया) बताया.
सात बोरों से बरामद हुए 26 पैकेट देशी शराब
संदेह होने पर टीम ने युवक के सामान की विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान सात बोरों से कुल 26 पैकेट बरामद किये गये. प्रत्येक पैकेट में पांच लीटर देशी शराब थी. इस तरह कुल 130 लीटर देशी शराब बरामद हुई.
झारखंड से लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना
पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह शराब झारखंड से लेकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए आया था. इसके बाद आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे जीआरपी थाना गया के सुपुर्द कर दिया.
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ उपनिरीक्षक विकास कुमार की शिकायत के आधार पर जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 219/2026, दिनांक 4 सितंबर 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. कार्रवाई में आरपीएफ, सीपीडीएस टीम और राजकीय रेल पुलिस के अधिकारी व जवान शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए