गया जी : सुबह डीएम को मिली जलजमाव की सूचना, तुरंत नगर आयुक्त को भेजा; वृंदावन कॉलोनी में शुरू हुई पानी निकासी
कॉलोनी में जांच करने पहुंचे नगर आयुक्त व अन्य | Prabhat Khabar Network
गया जी के वृंदावन और कामदेवपुरम कॉलोनी में जलजमाव की समस्या पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है. डीएम के निर्देश पर नगर निगम पंप सेट और मशीनों की मदद से पानी निकालने में जुटा है.
Gaya Ji Waterlogging : निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 29 स्थित वृंदावन व कामदेवपुरम कॉलोनी से जलजमाव दूर करने के लिए डीएम शशांक शुभंकर के आदेश के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. जिला प्रशासन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, डीएम को शुक्रवार की सुबह सारी जानकारी मिली.
आपके शहर में
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नगर आयुक्त डॉ गगन कुमार को स्थल का निरीक्षण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीएम के निर्देश के बाद नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ जाकर स्थिति का जायजा लिया.
पंप सेट व मशीनों के जरिए जल निकासी का कार्य तेज
नगर निगम की ओर से वृंदावन कॉलोनी में जलजमाव को दूर करने के लिए पंप सेट सहित आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों को लगाया गया है. इसके माध्यम से जल निकासी का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि स्थानीय निवासियों को जलजमाव के कारण होने वाली परेशानी से शीघ्र राहत मिल सके.
भारी बारिश से नए बसे क्षेत्र में बनी जलजमाव की स्थिति
नगर आयुक्त ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी अपेक्षाकृत नया बसावट क्षेत्र है. इस क्षेत्र में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया गया है. विगत दिनों हुई भारी वर्षा के कारण क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है.
नगर निगम की ओर से तत्काल कार्रवाई करते हुए पंप सेट व अन्य आवश्यक मशीनों के माध्यम से जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है.
ड्रेनेज व नाला निर्माण के लिए अभियंताओं को निर्देश
उन्होंने बताया कि वर्तमान जलजमाव की समस्या के त्वरित समाधान के साथ-साथ भविष्य में इस क्षेत्र में दोबारा जलजमाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : आधार में DOB 1975, पोर्टल पर 1966; डेट ऑफ बर्थ की गलती ने रेणु को 9 साल पहले ही कर दिया रिटायर
नगर निगम के अभियंताओं को क्षेत्र का तकनीकी निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था, सड़क की ऊंचाई, जल के प्राकृतिक बहाव एवं आवश्यक ड्रेनेज व्यवस्था का आकलन करने का निर्देश दिया गया है.
जलजमाव का स्थायी समाधान निकालने पर विशेष ध्यान
नगर आयुक्त ने बताया कि आवश्यकतानुसार नाला-ड्रेनेज निर्माण अथवा अन्य तकनीकी उपायों के माध्यम से स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
जिला प्रशासन एवं नगर निगम की ओर से तत्काल राहत के साथ-साथ दीर्घकालिक समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आगामी बरसात के दौरान स्थानीय लोगों को इस प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को जल निकासी कार्य की नियमित निगरानी करते हुए इसे शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए