युवक ने अपने शरीर में आग लगा की खुदकुशी

Published by : ROHIT KUMAR SINGH Updated At : 15 Feb 2026 5:42 PM

विज्ञापन

पत्नी व ससुराल पक्ष से विवाद के बीच युवक ने उठाया कदम

विज्ञापन

पत्नी व ससुराल पक्ष से विवाद के बीच युवक ने उठाया कदम दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया प्रतिनिधि, शेरघाटी. शहर के शेखपुरा मुहल्ले अंतर्गत शास्त्री नगर में रविवार की दोपहर एक युवक ने कथित रूप से पत्नी व ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान सत्येंद्र कुमार महतो, पिता प्रभु प्रसाद के रूप में की गयी है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था. मृतक के पिता और भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर गये थे. उसकी बुजुर्ग मां घर के बाहर आसपास की महिलाओं से बातचीत कर रही थी. इसी दौरान सत्येंद्र ने घर के अंदर खुद अपने शरीर में आग लगा ली. जब तक उसकी मां को घटना की जानकारी हुई और वह शोर मचाते भीतर पहुंची, तब तक काफी देर हो चुकी थी. गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. परिवार वालों का आरोप है कि सत्येंद्र पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था. उसके पिता ने बताया कि करीब आठ वर्ष पूर्व उसकी शादी झारखंड के बढ़ई बिगहा में स्वीटी कुमारी के साथ हुई थी. दंपती की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र क्रमशः पांच और सात वर्ष बतायी जा रही है. परिजनों का कहना है कि तीन वर्ष पहले सत्येंद्र ने इसी मुहल्ले में एक डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिसे कथित तौर पर उसकी सास ने अपने नाम से लिखवा लिया. इसी जमीन को लेकर ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था. मृतक के पिता प्रभु प्रसाद ने बताया कि जब सत्येंद्र बीमार पड़ा, तो वह जमीन बेचकर अपना इलाज कराना चाहता था. उसकी सास ने जमीन बेचने से इनकार कर दिया. उनका आरोप है कि जमीन में सास का नाम होने के कारण उसे बेचने नहीं दिया गया. परिजनों ने बताया कि पत्नी की ओर से दर्ज कराये गये एक मामले में सत्येंद्र को हवालात भी जाना पड़ा था, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था. पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी. इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. क्या कहते हैं थानेदार इस बाबत थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी.

विज्ञापन
ROHIT KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By ROHIT KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन