गया जी : पानी निकासी के लिए सड़क ही काट दी, घरेया गांव में आवागमन बंद; स्कूली बच्चों से मरीज तक परेशान
सड़क काटने की जानकारी देते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
गया जी के एक गांव में जलजमाव की समस्या का समाधान नाली सफाई से नहीं, बल्कि मुख्य ग्रामीण सड़क को काटकर किया गया. इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे ग्रामीणों, विशेषकर स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीण बड़े व्यास के पाइप लगाने की मांग कर रहे हैं.
Gaya Ji News : गया जी जिले के सकरदास नवादा पंचायत के घरेया गांव में पानी निकासी के नाम पर मुख्य ग्रामीण सड़क काट दिए जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. घरेया गांव से बैरका मोड़ जाने वाली सड़क को बीच से करीब दो फीट चौड़ा और तीन फीट गहरा काट दिए जाने के कारण सड़क पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है. इससे आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
जलजमाव से निपटने के लिए नाली सफाई के बजाय काट दी सड़क
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क काटे जाने वाले स्थान पर पहुंचे और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क के दूसरी ओर बने करीब पांच घरों में पानी प्रवेश कर रहा था.
जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए नाले की सफाई और उचित जल निकासी की व्यवस्था करने के बजाय सड़क को ही काट दिया गया. इससे समस्या का स्थायी समाधान होने के बजाय ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है.
सड़क के नीचे बड़े व्यास का पाइप लगाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के नीचे पहले से करीब आठ इंच व्यास का पाइप लगाया गया था, जिससे पर्याप्त मात्रा में पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी.
Also Read : आधार में DOB 1975, पोर्टल पर 1966; डेट ऑफ बर्थ की गलती ने रेणु को 9 साल पहले ही कर दिया रिटायर
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की मरम्मत के दौरान पुराने पाइप की जगह बड़े व्यास का पाइप लगाया जाए, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और भविष्य में सड़क काटने की आवश्यकता नहीं पड़े.
वाहन परिचालन बंद होने से स्कूली बच्चे व मरीज परेशान
सड़क कट जाने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और राहगीरों को हो रही है.
दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद होने के कारण लोगों को दूसरे रास्ते से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है.
जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का बीडीओ ने दिया आश्वासन
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी गई है. स्थल की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए