गया जी में शिक्षक दिवस पर शिक्षक संवाद सह सम्मान समारोह, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी होंगे मुख्य अतिथि
एमएलसी जीवन कुमार व शिक्षक संघ के पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji News : गया में शिक्षक दिवस पर आयोजित होगा सम्मान समारोह, एमएलसी जीवन कुमार ने कहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है.
Gaya Ji News : बिहार के सरकारी स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. ये बातें बुधवार को गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार ने कहीं. वह पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले शिक्षक संवाद सह सम्मान समारोह की जानकारी देने के लिए प्रेस वार्ता कर रहे थे.
आपके शहर में
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका पर होगा संवाद
एमएलसी जीवन कुमार ने बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में "गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की भूमिका" विषय पर वक्ता अपने विचार रखेंगे. कार्यक्रम का आयोजन हरिदास सेमिनरी स्कूल परिसर स्थित ऑडिटोरियम में किया जायेगा. इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न शैक्षणिक कार्यों और अपने योगदान से समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया जायेगा.
नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने का दावा
जीवन कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्र के दौरे के समय उन्होंने नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने का वादा किया था. इसके बाद शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने में सफलता मिली. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए पारदर्शी ट्रांसफर पॉलिसी बनायी गयी है. ट्रे-1 से ट्रे-3 तक शिक्षक बहाली की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि ट्रे-4 की प्रक्रिया जारी है और इसमें सिंगल एग्जाम कराया जा चुका है.
मॉडल स्कूलों के संचालन पर भी दिया जोर
एमएलसी ने कहा कि अन्य क्षेत्रों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यवस्थाओं में बदलाव होने लगा है. मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिक उद्देश्य है. इसी अवधारणा के तहत मॉडल स्कूलों का संचालन किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि स्कूलों में संसाधनों की कमी नहीं है और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
Also Read : गया जी : मंडावर नदी में बहा ग्रामीण, एसडीआरएफ ने शुरू किया तलाशी अभियान, अब तक नहीं मिला सुराग
केंद्रीय मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
एमएलसी जीवन कुमार ने बताया कि शिक्षक संवाद सह सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके अलावा बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत, अतरी विधायक रोमित कुमार, टिकारी विधायक अजय दांगी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रभागों के डीपीओ और अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
शिक्षक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान विधान पार्षद के शिक्षक प्रतिनिधि एवं पूर्व प्रधानाध्यापक रामजन्म यादव, रविंद्र कुमार, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष सह पूर्व प्रधानाध्यापक हीरा यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रमंडलीय कार्यकारिणी सदस्य सह जिला सचिव एवं बिहार राज्य भारत स्काउट एंड गाइड से जुड़े रणजीत कुमार, माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य सह प्रधानाध्यापक मनोज कुमार निराला, माध्यमिक शिक्षक संघ के अरुण यादव, समाजसेवी यशवंत सिंह, आनंद कुमार, एचएम अबरार आलम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे.
Also Read : गया में सीयूएसबी छात्रों को मिला निवेश का ज्ञान, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम में शेयर बाजार का लाइव डेमो
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए