गया जी : पक्की सड़क के इंतजार में अमसोत गांव के 100 घर, बारिश में कीचड़ से पैदल चलना भी मुश्किल
मोहनपुर के अमसोत गांव की सड़क का हाल
गया जी के अमसोत गांव के 100 घरों को आज भी पक्की सड़क का इंतजार है. बारिश में गांव कीचड़ से भर जाता है, जिससे आवागमन और छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है.
Gaya Village Road Problem : गया जी के मोहनपुर के अमसोत गांव के ग्रामीणों को अब भी पक्की सड़क का इंतजार है. मोहनपुर प्रखंड कार्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर 100 घरों का गांव अमसोत स्थित है, जहां आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है. इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
आपके शहर में
वर्षा ऋतु में कीचड़ और आवागमन की समस्या
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव से तेतर मोड़ तक की सड़क पूरी तरह वर्षा ऋतु के दिनों में कीचड़मय हो जाती है. सड़क के पूरी तरह कीचड़मय हो जाने के कारण चारपहिया और बाइक तो दूर, पैदल चलना भी एक मुश्किल भरा काम साबित होता है.
छात्रों की शिक्षा पर पड़ता है असर
इस स्थिति से सबसे ज्यादा परेशानी छात्रों को उठानी पड़ती है, जिन्हें उच्च शिक्षा के लिए गांव से तकरीबन डेढ़ किलोमीटर दूर भूमआर आना पड़ता है. सड़क ज्यादा खराब होने के कारण वर्षा ऋतु के दिनों में कई बार छात्र हाई स्कूल तक नहीं पहुंच पाते हैं, जिसके कारण उन्हें शिक्षा से वंचित हो जाना पड़ता है.
ग्रामीणों की नाराजगी और शिकायतें
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के सारे गांवों को पक्की सड़क से जोड़ा जा रहा है, लेकिन उनका गांव अब भी इस लाभ से वंचित है. सांसद और विधायक के अलावा अधिकारियों से इस संबंध में कई दफा शिकायत की गई है, लेकिन कोई भी अब तक इस दिशा में सार्थक पहल नहीं कर पाया है, जिससे ग्रामीणों में खासी नाराजगी है.
प्रशासन से आवश्यक पहल की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के दौरान लोग वोट मांगने के लिए आते हैं, बड़े-बड़े आश्वासन और दावे करके जाते हैं और जीतने के बाद सब कुछ भूल जाते हैं. यदि सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो चुनाव में सबक सिखाया जाएगा, वहीं इस संदर्भ में गया के जिलाधिकारी से आवश्यक पहल करने की मांग की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए