गया जी में चैया नदी की धारा में फंसी मंजू का अब तक नहीं मिला सुराग, परिवार बेहाल
चैया नदी पर जुटी लोगों की भीड़। | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji News : बिहार के बाराचट्टी में चैया नदी पार करते समय मंजू कुमारी पानी के तेज बहाव में बह गई. एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
Gaya Ji News : मोहनपुर प्रखंड में चैया नदी की धारा में फंसी मंजू कुमारी का बुधवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना के बाद से परिवार के लोगों का हाल बेहाल है. पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली. गुरुवार को एक बार फिर नदी में अभियान चलाया जाएगा.
आपके शहर में
पांच सहेलियों के साथ नदी पार कर रही थी मंजू
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्ण धरहरा की रहने वाली मंजू कुमारी अपनी पांच अन्य सहेलियों के साथ चैया नदी पार कर डंगरा स्कूल जा रही थी. नदी के बीचोबीच पहुंचने पर पानी का बहाव अचानक तेज हो गया, जिससे सभी लड़कियां डूबने लगीं.
स्थानीय लोगों ने कई लड़कियों को बचाया
लड़कियों को डूबता देखकर आसपास मौजूद लोग नदी में कूद पड़े. लोगों ने रीमा कुमारी, नीतू कुमारी, विभा कुमारी आदि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, तेज बहाव की चपेट में आने के कारण मंजू कुमारी को नहीं बचाया जा सका.
काफी तलाश के बाद भी नहीं मिली मंजू
स्थानीय लोगों ने नदी की धारा में बह रही मंजू को खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीआरएफ को सूचना दी.
Also Read : औरंगाबाद के सलैया स्कूल के प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार
एसडीआरएफ ने देर शाम चलाया तलाशी अभियान
देर शाम एसडीआरएफ की टीम नदी में उतरी और मंजू की तलाश शुरू की. हालांकि, अंधेरा होने के कारण अभियान को कुछ देर बाद रोकना पड़ा और मंजू का पता नहीं चल सका. अब गुरुवार को दोबारा नदी में तलाशी अभियान चलाया जाएगा.
नदी में गहरे गड्ढे में दबने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदी के एक स्थान पर गहरी खुदाई कर बालू निकाला गया था. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तेज बहाव में मंजू उसी गहरे गड्ढे में चली गई होगी और उसमें दब गयी होगी. फिलहाल एसडीआरएफ की टीम की ओर से गुरुवार को फिर से तलाशी अभियान चलाया जाएगा.
Also Read : जन्माष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, दाउदनगर में दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए