गया जी : मगध मेडिकल के ओपीडी में घुसा बारिश का पानी, मरीज बिना इलाज लौटे; अधीक्षक चेंबर तक जलमग्न
एपी कॉलोनी में जलजमाव की स्थिति और अस्पताल के गलियारे में पानी के बीच निकलता नर्सिंग स्टाफ
गया में नालों की सफाई में लापरवाही के कारण बारिश ने भीषण जलजमाव की स्थिति पैदा कर दी है. मगध मेडिकल अस्पताल के ओपीडी से लेकर अधीक्षक के चेंबर तक पानी घुस गया, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई और कई को बिना इलाज के लौटना पड़ा. सड़कों पर भी तीन फुट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
Magadh Medical Waterlogging : गया जी नगर निगम की ओर से नालों की सफाई ढंग से नहीं होने के चलते कुछ घंटों की बारिश के बाद कई इलाके जलमग्न हो गए. बारिश शुरू होते ही सड़क, गली, ऑफिस और अस्पताल आदि हर जगह जलजमाव के कारण लोग परेशान दिखे. शहर से जलजमाव न होने देने का दावा करने वाला नगर निगम कार्यालय खुद जलमग्न हो गया.
आपके शहर में

सड़कों पर भरा तीन फुट पानी
सड़कों की स्थिति यह रही कि चांदचौरा, नौवागढ़ी, न्यू एरिया आदि जगहों पर रोड में तीन फुट तक पानी जमा हो गया. लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होने लगी. निगम का जलजमाव न होने का हर दावा यहां पर पूरी तरह फेल दिखा और जमीन पर अव्यवस्था का आलम रहा.

एपी कॉलोनी में भयावह स्थिति
एपी कॉलोनी में हर जगह जलजमाव की स्थिति बनी रही. आशा सिंह मोड़ खुशी रेस्टोरेंट से जेल अधीक्षक आवास तक पथ व नाला निर्माण की 1.20 करोड़ से अधिक की योजना का टेंडर फाइनल होने के बाद भी बुडको ने ठेकेदार से एग्रीमेंट की प्रक्रिया लटका रखी है. इस देरी के कारण जोरदार बारिश में लोग घंटों सड़क पर चल नहीं सके.
Also Read : गया जी में लोगों को मिली दो बड़ी सुविधाएं, मां तारा मंदिर के पास सामुदायिक भवन और मिलेगा RO का पानी
अस्पताल में भरा पानी
बारिश शुरू होते ही मगध मेडिकल अस्पताल के अंदर से बाहर तक पानी ही पानी दिखा. ओपीडी का समय होने पर गलियारे व चेंबर तक में पानी घुसने के कारण कई लोगों को बिना इलाज ही लौटना पड़ा. वार्ड और अधीक्षक कार्यालय के हर कमरे में पानी पहुंच गया, जिससे कर्मचारी और मरीज घंटों पानी निकलने का इंतजार करते रहे.

निर्माण के बाद भी ऑफिस तक पहुंचा पानी
अस्पताल के बाहर लाखों रुपये खर्च कर रोड व पेवर ब्लॉक लगाया गया है, लेकिन अब स्थिति यह है कि रोड से होकर पानी सीधे ऑफिस तक पहुंच जा रहा है. पेवर ब्लॉक लगने के बावजूद जलजमाव की समस्या से कोई राहत नहीं मिल सकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए