ट्रेन में बीड़ी-सिगरेट पिया तो जाएंगे जेल, गया आरपीएफ के विशेष अभियान में चार यात्री धराए
आरपीएफ का सख्त अभियान जारी
Gaya RPF Action: डीडीयू मंडल में ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. आज आरपीएफ ने 4 लोगों को पकड़ा है.
Gaya RPF Action: (गया से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट)
आपके शहर में
डीडीयू मंडल में ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. गुरुवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान रेल सुरक्षा बल पोस्ट रफीगंज ने विभिन्न ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को बीड़ी और सिगरेट पीते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर रेलवे न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन पर जुर्माना लगाया गया.
सीनियर कमांडेंट के निर्देश पर चला विशेष अभियान
डीडीयू मंडल के आरपीएफ सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर के निर्देश पर ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन और ट्रेनों में धूम्रपान रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुवार को रेल सुरक्षा बल पोस्ट रफीगंज द्वारा व्यापक जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व पोस्ट प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर ने किया.
स्टेशन और ट्रेनों में हुई सघन जांच
आरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने रफीगंज रेलवे स्टेशन सहित कई ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया. जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 13305 अप धनबाद इंटरसिटी, गाड़ी संख्या 63291 गया–डेहरी ऑन सोन पैसेंजर, गाड़ी संख्या 12381 और 12397 अप महाबोधि एक्सप्रेस में यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई.
बीड़ी-सिगरेट पीते चार लोग रंगे हाथ पकड़े गए
अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 13305 और 63291 अप में चार व्यक्तियों को बीड़ी और सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया. रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए सभी आरोपितों को तत्काल हिरासत में लेकर आरपीएफ पोस्ट रफीगंज लाया गया. आरपीएफ ने सभी आरोपितों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया. इसके बाद उन्हें रेलवे न्यायालय गया में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने सभी पर जुर्माना लगाया. जुर्माना जमा करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया.
धूम्रपान से बड़ी दुर्घटना का खतरा
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में धूम्रपान यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है. विशेषकर ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसी को देखते हुए डीडीयू मंडल में लगातार जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
यात्रियों से नियम पालन की अपील
इंस्पेक्टर राम सुमेर ने यात्रियों से रेलवे नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा में सहयोग देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए