ePaper

Gaya News : उत्पाद विभाग की गाड़ी के धक्के से महुआ तस्कर घायल, अस्पताल में हंगामा व तोड़फोड़

Updated at : 21 Dec 2024 11:10 PM (IST)
विज्ञापन
Gaya News : उत्पाद विभाग की गाड़ी के धक्के से महुआ तस्कर घायल, अस्पताल में हंगामा व तोड़फोड़

Gaya News : झारखंड की ओर से महुआ की खेप लेकर आ रहे बाइक सवार को उत्पाद विभाग के वाहन ने धक्का मार दिया. इससे बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल को उत्पाद विभाग के कर्मियों ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी में भर्ती कराया.

विज्ञापन

शेरघाटी. झारखंड की ओर से महुआ की खेप लेकर आ रहे बाइक सवार को उत्पाद विभाग के वाहन ने धक्का मार दिया. इससे बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल को उत्पाद विभाग के कर्मियों ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल गया रेफर कर दिया. घायल की पहचान शहर के पीपरपांती मुहल्ला निवास सुरेंद्र पासवान के रूप में हुई है. घटना की जानकारी के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंच हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद उत्पाद विभाग के कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ दिया. इसके बाद उत्पाद विभाग के अधिकारी व कर्मी अस्पताल से किसी प्रकार जान बचाकर भागे. इधर घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची शेरघाटी थाने की पुलिस ने उग्र लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया. साथ ही परिजनों को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया.

कैसे हुई घटना

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार सुरेंद्र पासवान महुआ की खेप लेकर झारखंड की ओर से घाघर के रास्ते शेरघाटी आ रहा था. इसकी सूचना मिलते उत्पाद विभाग की टीम ने महुआ लदी बाइक का पीछा किया. लेकिन, बाइक सवार ने पुलिस गाड़ी देखकर अपनी बाइक की रफ्तार तेज कर दी. परिजनों का आरोप है कि पीछा करने के दौरान शेखपुरा मुहल्ला के समीप स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल में पीछे से धक्का मार दिया. इसके बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया और तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने उसे रौंद दिया. इससे बाइक सवार सुरेंद्र पासवान बुरी तरह जख्मी हो गया.

जान-बूझ कर बाइक में धक्का मार दिया

परिजनों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की टीम ने जानबूझकर बाइक में धक्का मार दिया. जिससे यह हादसा हुआ. परिवार वालों का आरोप है कि पैसे के चक्कर में उत्पाद विभाग के लोग आये दिन बाइक सवारों का पीछा करते हैं. अस्पताल में हंगामा कर रहे घायल के परिजन चंदन ने पुलिसकर्मियों के समक्ष कहा कि अगर रुपये गिन कर देते हैं तो काम तो करेंगे. सभी लोग अलग से पैसा मांगते हैं तो कोई कहां से दे पायेगा. उसने कहा कि पैसा लेते वक्त चाहे पुलिस वाले हो या उत्पादन वाले अपना हिस्सा लेकर धीरे से पैकेट में रख लेते हैं. वहीं, घायल का भाई वीरेंद्र पासवान ने कहा कि अगर कोई महुआ लेकर आता रहेगा तो पुलिस उसे धक्का मार कर जान ले लेगी.

क्या कहते हैं शेरघाटी एएसपी

सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे एएसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले जाया गया है. पुलिस जांच कर रही है कि वाहन कौन चला रहा था तथा उस में सवार कौन-कौन लोग थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन