गया जंक्शन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार के चोरी के मोबाइल के साथ 2 गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी. फोटो – प्रभात खबर
Gaya Junction : गया जंक्शन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF और GRP की संयुक्त टीम ने चोरी के मोबाइल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है. बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है.
Gaya Junction : गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने रविवार को ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई की. टीम ने स्टेशन परिसर से तीन संदिग्धों को दबोचा, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को निरुद्ध (हिरासत में) किया गया है.
पकड़े गए आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानपुर प्रखंड के बुनियादगंज थाना क्षेत्र स्थित मानपुर बाजार निवासी मुकेश कुमार और टिकारी थाना क्षेत्र के वैध बिगहा निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई है. इनके साथ ही गया जी जिले के ही रहने वाले एक 13 वर्षीय नाबालिग को भी टीम ने पकड़ा है.
पुलिस को देखते ही भागने लगे थे आरोपी
इस संबंध में जानकारी देते हुए आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार सहित अन्य जवानों के सहयोग से स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था.
Also Read : बिहार की LLB छात्रा की झारखंड में मिली लाश, परिवार ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
Gaya Ji News : घेराबंदी कर तीनों को दबोचा
इसी दौरान गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास बने मुख्य प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) में तीनों युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा गया. पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देख तीनों युवक वहां से भागने लगे. हालांकि, मुस्तैद जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया.
पास से बरामद हुए चोरी के कीमती मोबाइल
पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने तीनों की तलाशी ली, तो आरोपी मुकेश कुमार के पास से एक सैमसंग कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, विक्की कुमार के पास से एक रियलमी कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल और नाबालिग के पास से एक वीवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल बरामद हुआ. पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन तीनों मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है.
तीनों आरोपियों के खिलाफ रेल थाने में मामला दर्ज
सभी आरोपियों को बरामद किए गए मोबाइलों के साथ गया जीआरपी थाने लाया गया. यहां उनके विरुद्ध रेल थाना गया में कांड संख्या 168/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन्होंने पूर्व में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है.
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
इसके साथ ही बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें मोबाइल वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. रेलवे सुरक्षा बल ने इस कार्रवाई के बाद आम रेल यात्रियों से भी यात्रा के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.
Also Read : गया जी : LLB छात्रा का शव बरामदगी मामले में परिजनों का आरोप- गवाही रोकने के लिए हुई हत्या
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










